गोपालगंज : 100 घंटे में बने 11, 244 शौचालय
#31 दिसंबर तक पूरे जिले को ओडीएफ घोषित करने का लक्ष्य

गोपालगंज:–
विशेष अभियान के दौरान सौ दिन में 11, 244 शौचालयों का निर्माण किया गया। यह अपने आप में एक रिकार्ड है। जिले के 13 प्रखंड में चलाए गए इस अभियान के दौरान 12 पंचायतों तथा 236 वार्ड को ओडीएफ घोषित किया गया। इस अभियान के दौरान तीन हजार राज मिस्त्री तथा करीब पांच हजार मजदूरों को लगाया गया था। जानकारी के अनुसार तेलंगाना के विजय ग्राम में स्वच्छ भारत अभियान के तहत शौचालयों के निर्माण की रफ्तार काफी सुस्त थी। इस अभियान को गति देने के लिए सौ घंटे में दस हजार शौचालयों का निर्माण कराने का अभियान चलाया गया था। यह अभियान विजय ग्राम में शत प्रतिशत सफल रहा है। इसी अभियान से प्रेरणा लेकर जिले में भी शौचालयों के निर्माण कार्य को गति देने के लिए वृहद अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। अभियान की सफलता के लिए पूर्व से ही तीन हजार राजमिस्त्री तथा पांच हजार मजदूरों को इसके लिए बकायदा प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण कार्य पूर्ण होने के बाद जिला प्रशासन ने इस अभियान के लिए 17 से 20 फरवरी का समय निर्धारित किया। इस बीच सौ घंटे में प्रशासनिक स्तर पर पूरे जिले में दस हजार शौचालय का निर्माण कार्य कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। साथ ही इस अभियान के प्रति जागरूकता को चिन्हित किए गए पंचायत व वार्ड में बकायदा जागरूकता अभियान चलाया गया। सौ घंटे के इस अभियान के दौरान लक्ष्य से भी अधिक यानि 11,244 शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे जिले को 31 दिसंबर 2018 तक ओडीएफ घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी प्रखंड में तेजी से कार्य किया जाएगा। इस संबंध में विभागीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई है। बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी राहुल कुमार ने इस अभियान में 12 नए पंचायतों के अलावा 236 वार्ड तथा 66 गांवों को पूर्ण रूप से ओडीएफ घोषित किया। प्रेस वार्ता में उप विकास आयुक्त दयानंद मिश्र, डीआरडीए के निदेशक धनंजय कुमार, ओएसडी डीपी शाही सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।
* 100 घंटे में कहां कितने पंचायत व वार्ड बने ओडीएफ
प्रखंड पंचायत वार्ड
बैकुंठपुर 00 07
बरौली 01 17
भोरे 03 12
विजयीपुर 00 07
गोपालगंज 01 16
हथुआ 03 32
कटेया 01 24
कुचायकोट 00 05
मांझा 01 18
पंचदेवरी 00 14
फुनवरिया 00 20
सिधवलिया 01 11
उचकागांव 01 23
कुल 12 236