गोपालगंज :बाढ़ पीड़ितों ने राशि नही मिलने पर किया प्रदर्शन
माझा ( गोपालगंज ) :—
स्थानीय प्रखण्ड के निमुइयाँ पंचायत के बाढ़ पीड़ितों ने पांच महीने बाद भी मुवावजा राशि नही मिलने को लेकर अंचल कार्यालय पर प्रदर्शन किया । बाढ़ पीड़ितों का कहना था कि पिछले पांच महीने से अंचल कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं । बावजूद अधिकारी टालमटोल कर रहे हैं । बतातें चलें कि निमुइयाँ पंचायत प्रखण्ड का सर्वाधिक बाढ़ प्रभावित क्षेत्र रहा है । बाढ़ के दौरान व्यापक पैमाने पर लोगों को नुकसान उठाना पड़ा था । सरकार के द्वारा बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए छह हजार रुपये की राहत राशि भेजी गई है । बावजूद अंचल पदाधिकारी के उदासीन रवैया के कारण पीड़ितों के खाते में राशि नही भेजी जा रही है । इसको लेकर शुक्रवार को सैकड़ो की संख्या में बाढ़ पीड़ित अंचल कार्यालय पहुंचकर हंगामा व प्रदर्शन करने लगे । सीओ के कार्यालय में नही रहने से वे आक्रोशित थे । उनका कहना था कि अगर एक सप्ताह के अंदर राहत राशि नही भेजी गई तो वे डीएम कार्यालय पहुंचकर उनको अपनी व्यथा सुनाएंगे ।