खैरा में गड्ढे के किनारे अईठा चुनने के दौरान डूबने से दो युवतियों की दर्दनाक मौत, गांव में मातम

दैनिक खोज खबर/नगरा(सारण)।खैरा थाना क्षेत्र के कृष्ण चौक के समीप खानपुर गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो युवतियों की जे सी वी द्वारा खोदे गए गड्ढे  में डूबने से मौत हो गई.यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवतियां गड्ढे के किनारे अईठा ( घोंघा ) चुन रही थीं.अचानक पैर फिसलने अथवा संतुलन बिगड़ने से दोनों गहरे पानी में चली गईं और बाहर नहीं निकल सकीं.मृत युवतियों की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के भादरिया गांव निवासी धर्मनाथ महतो की 20 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी एवं विश्वनाथ महतो की 19 वर्षीय पुत्री सिंकी कुमारी के रूप में की गई है.दोनों युवतियां आपस में सहेलियां बताई जा रही हैं.घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया,वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गड्ढे के किनारे मिट्टी गीली होने के कारण अचानक पैर फिसल गया,जिससे दोनों युवतियां पानी में जा गिरीं.आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर बचाने का प्रयास किया,लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.घटना की सूचना मिलने पर खैरा थानाअध्यक्ष अखिलेश पासवान, सीओ अभिषेक कुमार अपने दल बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को पोखरा से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया.वहीं इस संबंध में खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है.घटना के बाद भादरिया एवं खानपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।