
सोनपुर। श्रावणी मेला के अवसर पर कांवरियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, सहायता को लेकर सोनपुर के नये गंडक पुल मार्ग के शिवबचन सिंह चौक पर दूसरी सोमवारी के पूर्व रविवार शाम को विशेष स्टॉल का उद्घाटन सोनपुर विधायक विनय कुमार सिंह ने फीता काटकर इसका शुभारम्भ किया। उद्घाटन के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह सहित भाजपा के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता के अलवा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
स्टॉल के उद्घाटन के उपरांत विधायक विनय कुमार सिंह ने वहां उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर श्रावणी मेला की तैयारियों तथा कांवरियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, पेयजल, स्वास्थ्य व्यवस्था,ठहराव, सेवा एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
विधायक ने कहा कि सावन का महीना श्रद्धा और आस्था का पर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में राज्य के कोने-कोने से कांवरिया एवं श्रद्धालु सोनपुर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सेवा के लिए स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि कांवरियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए प्रशासन से लेकर सभी लोगों को मिलकर सहयोग की भावना से कार्य करना चाहिए।
श्रावणी मेला को लेकर सोनपुर क्षेत्र में इन दिनों भक्तिमय माहौल बना हुआ है। पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में कांवरिया बाबा हरिहरनाथ, ग़रीब नाथ सहित विभिन्न शिवालयों की ओर रवाना हो रहे हैं। जगह-जगह श्रद्धालुओं की सेवा के लिए स्थानीय लोगों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा स्टॉल लगाए जा रहे हैं।
शिवबचन चौक पर स्टॉल के उद्घाटन के साथ ही कांवरियों की सेवा एवं सहायता का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक को मेला के दौरान आने वाली समस्याओं एवं आवश्यक सुविधाओं से भी अवगत कराया।




Recent Comments