हाईकोर्ट पटना  के न्यायाधीश (जज) बनने के बाद अपने पैतृक गांव कोंध पंचायत के  रामपुररूद्र  पहुंचे आलोक कुमार का ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया. पैतृक गांव पहुंचने के बाद न्यायधीश आलोक कुमार ने सर्वप्रथम ठाकुरबाड़ी मंदिर में विधिविधान के साथ पूजा अर्चना की एवं बाद में बड़े बुजुर्गो के पैर छूकर उनका  आशीर्वाद लिया. इस अवसर पर उनके चचेरे भाई पूर्व मुखिया सह पैक्स अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह उर्फ शंभू सिंह की ओर से भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया. समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग शामिल हुए. न्यायाधीश आलोक कुमार ने कहा कि गांव की मिट्टी से उनका गहरा जुड़ाव है. बहुत दिनों बाद आज अपने लोगों के बीच लौटकर  बेहद खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि आज मै  जिस मुकाम पर पहुंचा हूं उसमें परिवारजनों , गुरुजनों और गांव के लोगों के आशीर्वाद एवं सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.उन्होंने युवाओं से मेहनत, ईमानदारी और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की. बताते चलें कि आलोक कुमार के दादाजी स्वर्गीय रामेश्वर सिंह एक प्रशासनिक पदाधिकारी रहे थे जबकि उनके पिता  शत्रुंजय सिंह भूमि विकास बैंक में प्रबंधक पद पर रहे थे. उनकी प्रारम्भिक शिक्षा आदर्श मध्य विद्यालय रामपुररूद्र में हुई थी. ग्रामीणों ने कहा कि आलोक कुमार ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और लगन के बल पर पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश पद तक पहुंचकर रामपुररूद्र, पानापुर और पूरे सारण का मान बढ़ाया है.उनकी उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है. अभिनंदन समारोह में अजीत कुमार सिंह, राज्य महोत्सव संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश कुमार सिंह उर्फ चुन्नू सिंह ,राहुल सिंह, तरैया प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर  कुमार सिंह बिकु , अश्विनी कुमार सिंह, प्रभात सिंह, अखिलेश शर्मा, शैलेश सिंह, कृष्ण बिहारी ओझा, वेदप्रकाश तिवारी, ओमप्रकाश सिंह  सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे.