एकमा नगर पंचायत-
एकमा नरक पंचायत में आपका घंटा स्वागत है…
गुस्साये लोगो ने तख्ती लगा किया गुस्से का इजहार
विनीत कुमार, एकमा
एकमा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 12 व वार्ड संख्या 4 के लोगों का जीना दुश्वार हो चला है। इनकी दुश्वारियों का कारण कोई और नही बल्कि एकमा नगर पंचायत का पूरा सिस्टम है जिसे न तो कुछ दिखाई देता है और न कुछ सुनाई। नगर पंचायत के आमलोग कितने परेशान है इसका अंदाजा भी नप के अधिकारियों व कर्मचारियों को नही है।
अभी एकमा नगर पंचायत को अस्तित्व में आये महज 6 वर्ष भी नही हुवे है। आलम यह है कि लोग अब कहने लगे हैं कि नगर पंचायत से अच्छा तो ग्राम पंचायत ही था कम से कम उस समय के मुखिया जी हमारे सुनते तो थे।
एकमा नगर पंचायत के एकमा ताजपुर मुख्य मार्ग पर नाले का पानी बहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाले की उड़ाही नही किये जाने के कारण नाले का पानी ओवरफ्लो कर सड़क पर बह रहा है। चौहान फार्मा से लेकर बर्णवाल किराना तक सड़क ही नाले में तब्दील हो गया है। सड़क पर बह रहे नाले के पानी के कारण आये दिन मोटरसाइकिल सवार दुर्घटना का शिकार हो रहे है। हैरत की बात ये है कि इसी राह से प्रतिदिन एकमा नप के कार्यपालक पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ समेत कई अधिकारी व कर्मचारी इसी राह से गुजरते हैं मगर शायद उन्हें ये सब दिखाई नही देता या फिर वे इस ओर देखने नही चाहते।
आपका घण्टा स्वागत है
—-
नप की व्यवस्था से परेशान लोगों ने मुख्य सड़क पर “एकमा नरक पंचायत आपका घण्टा स्वागत करता है” के बोर्ड लगाए हैं। साथ ही “एकमा नरक पंचायत” के बोर्ड भी कई जगह आपको दिख जाएंगे। एकमा के लोग इसे गांधीगिरी बता रहे हैं।
यहाँ बता दे कि इस मार्ग पर ही दो वार्ड पार्षदों की दुकानें व घर है और उनके सामने भी सड़क पर जलजमाव है पर सुधि लेने वाला कोई नही है।
आंदोलन के मूड में लोग
—-
सड़क पर नाले का पानी बहने से परेशान लोगों ने अब आंदोलन करने का मूड बनाया है। रविवार को कुछ दुकानदारों व आम लोगो ने सड़क पर खड़े होकर नगर पंचायत मुर्दाबाद के नारे लगाएं। लोगों का कहना है कि इस समस्या से यदि शीघ्र निजात नही मिला तो लोग आंदोलन करेंगे।
दूसरे कोसते हैं तो बुरा लगता है
—-
ब्लॉक रोड में अवस्थित बर्णवाल किराना के सतीश बर्णवाल बताते हैं कि जब सुदूर देहात या बाहर से दुकान पर आया कोई ग्राहक इस बदहाली को ले कोसता है तो बड़ी तकलीफ होती है। संजय ब्याहुत ने कहा कि लोग कहते हैं कि एकमा के लोगों को अब इस नरक की आदत पड़ गयी है। इससे अच्छा तो गांव है। शिक्षक दीपक कुमार ने कहा कि नाले के पानी से आ रही बदबू से जीना मुश्किल हो गया है वहीँ लगातार जलजमाव से महामारी की आशंका से भी लोग परेशान हो रहे हैं।
बोली मुख्य पार्षद
—-
प्राथमिकता के आधार पर ब्लॉक रोड के नाले की उड़ाही करवाई जाएगी। यदि सड़क पर काफी दिनों से नाले का पानी बह रहा है तो ये गंभीर समस्या है। इसका अतिशीघ्र निदान किया जाएगा।
अनामिका देवी
मुख्य पार्षद, एकमा नगर पंचायत





Recent Comments