आलू के मुआवजा की मांग को लेकर सड़क जाम
राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर प्रखंड के लगुराव बिलंदपुर स्थित कोल्ड स्टोरेज में कई किसानों के सड़ गए आलू के मुआवजा की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले दर्जनों किसानों ने शुक्रवार को हाजीपुर-महुआ रोड को रानी पोखर चौक पर बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया। दर्जनों किसान सड़क पर बैठकर हल्ला-हंगामा करते रहे। किसान कोल्ड स्टोर संचालक की गिरफ्तारी और किसानों के स्टोर में सड़े आलू का मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।
अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष विशेश्वर प्रसाद यादव ने कहा कि कि लगुराव कोल्ड स्टोर प्रबंधन ने 1461 किसानों के 28276 बोरी आलू रखा था। लेकिन कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन की मनमानी के कारण आलू का रखरखाव उचित ढंग से नहीं किया गया। कुछ आलू को बेच दिया गया तथा शेष आलू सड़ गया जिससे किसान आक्रोशित हैं। सड़क जाम कर रहे अनेक किसानों ने बताया कि इस संबंध में दो माह पहले प्रखंड प्रशासन से लेकर डीएम तक तक कोल्ड स्टोर प्रबंधन पर कार्रवाई करने और किसानों को आलू का मुआवजा देने के लिए आवेदन दिया गया लेकिन आज तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अनेक किसानों ने बताया कि आलू बोआई का सीजन आ गया है। पैसे के अभाव में ऊंची कीमत पर आलू खरीदकर कैसे किसान खेतों में बोआई करेंगे। किसानों ने यह भी कहा कि कोल्ड स्टोरेज पर जब किसानों ने विरोध किया तोक वहां बिचौलियों के द्वारा मारने-पीटने की धमकी दी गई। किसानों का यह भी आरोप था कि स्टोर प्रबंधन द्वारा सभी किसानों से बकाया बिल भुगतान के नाम पर प्रति बोरी सौ रुपये लिए गए और उसकी रसीद भी नहीं दी गई। एकारनामा पत्र भी जाली दिया गया ताकि किसान कोर्ट में केस भी नहीं कर सकें। किसानों की मांग है कि सभी किसानों को आलू का मुआवजा दिया जाए। जब तक मुआवजा नहीं मिलेगा सड़क जाम खत्म नहीं होगा। ज्ञात हो कि स्टोर में आलू के सड़ जाने से उसकी दुर्गंध से अगल-बगल के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोग घरों के बाहर रहने को मजबूर हैं। लेकिन प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। इधर सड़क जाम की सूचना पर सराय व महुआ थाने की पुलिस पहुंच गई। लेकिन कोई प्रशासनिक अधिकारी किसानों की समस्या समझने मौके पर नहीं पहुंचे।