आदर्श गांव बरेजा की सड़क पर बह रहा है नाली का पानी, विरोध मेंं लोगों ने किया कीचड़ मेंं प्रतीकात्मक धान की रोपनी

मांझी (सारण) : सांसद द्वारा चयनित आदर्श गांव बरेजा की सड़क पर बह रहा है नाली का पानी। घुटने भर जमा कींचड़ युक्त जल जमाव को पार कर लोग आ जा रहे हैं। यह हालात महीनों से बना हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक उक्त सड़क पर जलजमाव से मुक्ति के लिए लोग स्थानीय सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल विधायक बिजय शंकर दुबे तथा मुखिया राजीव कुमार सिंह से आरजू मिन्नत करके थक गए हैं। शुक्रवार को गांव के लोगों ने प्रतीकात्मक विरोध जताते हुए जल जमाव के बीच धान की रोपनी की। उपस्थित लोगों ने उक्त समस्या के निदान के प्रति जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों को उदासीन बताते हुए उनका बिरोध करने की बात कही। मौके पर पूर्व बीडीसी पति अजय कुमार पाण्डेय जदयू के महासचिव नीरज मिश्रा सरपंच विजय शंकर शुक्ला तथा वार्ड सदस्य चुन्नू प्रसाद सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।