तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के गोविंदापुर-नेवारी बाजार जाने वाली मुख्य सड़क में गोविंदापुर पुल के समीप एक बाइक सवार युवक को अपराधियों ने आंख में मिर्चा पाउडर फेंककर गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगने के बाद युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। जिसे राहगीरों ने उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया। जख्मी युवक नेवारी गांव निवासी अशोक राय का 25 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार बताया जाता हैं। जानकारी के अनुसार युवक इसुआपुर से अपनी बाइक से गोविंदापुर के रास्ते अपने घर लौट रहा था इसी दौरान बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने गोविंदापुर पुल के समीप युवक के आंख में पहले मिर्चा पाउडर फेंक दिए जिससे युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक से गिर गया तबतक अपराधियों ने उसके बांह में गोली मार दी और फरार हो गए। वहीं उसी रास्ते से लौट रहे एक राहगीर ने युवक को जख्मी हालत में उठाकर उसके परिजनों को सूचना दिया तथा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के क्रम में चिकित्सकों ने बताया कि गोली युवक के बांह में छू कर निकल गई हैं। फिलहाल युवक खतरे से बाहर हैं और उसका इलाज चल रहा हैं। वहीं जख्मी युवक मुन्ना कुमार ने बताया कि गांव में उसे एक व्यक्ति से जमीनी विवाद चल रहा है, उसी विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया हैं। इधर घटना की सूचना पर पहुची तरैया थाने की पुलिस एवं मसरख इंस्पेक्टर मामले की जांच में जुट गए हैं।