
मुजफ्फरपुर। लोक शिक्षा समिति, बिहार के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने 07 मई को बिहार के छह जिलों— बेगूसराय, पटना, पूर्णिया, अररिया,किशनगंज और कटिहार में आयोजित होने वाले मॉक ड्रिल (हवाई हमले से निपटने का अभ्यास) को लेकर प्रदेश के नागरिकों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास राज्य सरकार व आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा नागरिकों की सुरक्षा के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिससे जनता को हवाई हमलों या अन्य आपातकालीन स्थितियों में आवश्यक कदम उठाने का व्यावहारिक ज्ञान मिल सके।
श्री सिंह ने विशेषकर विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे इस अभ्यास को गंभीरता से लें और पूरे अनुशासन के साथ भाग लें। विद्यालय प्रशासन से अपेक्षा की गई है कि वे अभ्यास से पहले छात्रों को जानकारी दें, अभ्यास के समय तय प्रोटोकॉल का पालन कराएं और बच्चों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता पैदा करें।
उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में जान-माल की रक्षा के लिए सतर्कता और समय पर लिए गए फैसले बहुत महत्वपूर्ण होते हैं।
मॉक ड्रिल जैसे अभ्यास नागरिकों को मानसिक रूप से तैयार करते हैं, जिससे संकट की घड़ी में घबराहट से बचा जा सके और जान बचाई जा सके।
लोक शिक्षा समिति बिहार की ओर से सभी नागरिकों से अपील की जाती है कि वे इस अभ्यास को केवल एक औपचारिकता न समझें, बल्कि इसमें जागरूकता और जिम्मेदारी के साथ भाग लें। यह भविष्य में संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने में एक बड़ा सहायक कदम सिद्ध हो सकता है।




Recent Comments