मढ़ौरा(सारण) । भोजपुरी गायन में गायको द्वारा अश्लील, द्विअर्थी जातिसूचक, महिला और अनुसूचित जाति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों पर अब कार्रवाई की पहल शुरू की गई है । इस संबंध में मढ़ौरा एसडीओ योगेंद्र कुमार ने अनुमंडल के सभी बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्ष को पत्र प्रेषित कर कार्रवाई हेतु निर्देशित किया है । जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में कहा है कि कतिपय गायकों के द्वारा अपने भोजपुरी गानों में अश्लील, द्विअर्थी, जातिसूचक, महिला एवं अनुसूचित जाति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है । ऐसे गानों से किसी जाति का महिमामंडन किया जाता है । किसी जाति विशेष को नीचा दिखाया जाता है । इस प्रकार इससे सामाजिक सद्भाव का माहौल बिगड़ता है । समाज में आपसी वैमनस्यता उत्पन्न होती है । एसडीओ ने अपने पत्र में कहा है कि आगामी दिनों में होली के त्यौहार मनाया जाना । जिस कारण इस प्रकार के अश्लील, द्विअर्थी  और समाज में विद्वेष फैलाने वाले गानों पर रोक लगाया जाना नितांत आवश्यक है । इस प्रकार के गानों के कारण समाज में तीव्र प्रतिक्रिया देखी जा रही है । अत यह आदेश दिया जाता है कि ऐसे गानों तथा सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले के अवैधानिक, अमर्यादित कृत्यों पर निरोधात्मक, विधियुक्त कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे । ताकि अनुमंडल क्षेत्र के अंतर्गत शांति व्यवस्था और संप्रदायिक सद्भाव को बरकरार रखा जा सके।