शादीशुदा महिला से प्यार कर शादीशुदा युवक हुआ ठगी का शिकार
▶युवक के बीवी को संपति जाने के गम से ज्यादा खुशी शौतन से छुटकारा मिलने की है ।
✍कुलदीप कु. महासेठ /अमनौर (सारण):


अमनौर : अपनी हार और दुसरी मेहरी की मार से त्रस्त प्यार में ठगी का एक युवक शिकार हुआ। वहीं उसकी पहली पत्नी सम्पत्ति गंवा कर भी सकुन महसूस कर रही है. मालूम हो कि अमनौर थाना क्षेत्र के धरहारा खुर्द गांव निवासी 32 वर्षीय शादीशुदा श्याम बाबू साह गुजरात के गंगा नगर में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था. जहां उसके डेरे की बगल वाली शादीशुदा औरत बबली देवी से प्यार हो गया. प्यार परवान चढने पर नौकरी छोड़ उक्त युवक महिला के साथ अपने पैतृक गांव चला आया. जहां पर पहली बीबी व परिजनों ने इसका काफी विरोध किया. अपने परिजनों का विरोध झेलते हुए उक्त युवक ने बबली देवी से पिछले 27 मई को मढौरा मजिस्ट्रेट के समक्ष शपथ पत्र दायर कर शादी कर ली. लेकिन एक पखवाड़ा बाद उक्त महिला ने चुपके से रात में घर के आलमीरा से 23 हजार आठ सौ नगद सात थान स्वर्ण आभूषण व एक किमती एन्ड्रायड मोबाइल फोन लेकर नौ दू ग्यारह हो गई.

अहले सुबह परिजन जगे तो आलमीरा का ताला टूटा पाया. तब पता चला कि प्यार में जीवन भर साथ निभाने की वादा करने वाली महिला एक पखवाड़ा में ही वादा तोड़ सम्पत्ति लेकर चंपत हो गई. इसका गम परिजनों में सीधे झलक रहा था वहीं पहली पत्नी को सम्पत्ति जाने की गम से ज्यादा खुशी सौतन से छुटकारा मिलने से हो रही थी. प्यार में ठगी के शिकार पीड़ित युवक श्याम बाबू साह ने इसको लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराने की बात कही.