सारण : भारत बंद के समर्थन में दलित संगठन के लोगों द्वारा अमनौर में भी किया गया सड़क जाम
अमनौर /सारण

पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट द्वारा एससी/एसटी एक्ट में संशोधन किए जाने के विरोध में भारत बंद को सफल बनाने के लिए सैकड़ों की संख्या में दलित पुरुष व महिला ने टायर जलाकर सड़क जाम किया. सोमवार को अनुसूचित जाति व जन जाति संयुक्त मोर्चा के बैनर तले उपरोक्त संशोधन के खिलाफ दलितों ने केंद्र सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए सड़क पर आगजनी कर यातायात को पूरी तरह प्रभावित किया. वहीं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी कुछ देर के लिए बंद कराया. इस दौरान अमनौर बीडीओ वैभव कुमार, थानाध्यक्ष प्रभाकर पाठक, एएसआई चन्देश्वरी यादव, लालबाबु पासवान सहित कई पुलिस के जवान मौके पर मुस्तैद रहे. प्रर्दशनकारियों द्वारा जबरन दुकानें बंद के दौरान कुछ दुकानदारों से बकझक होने की बात सामने आई. उक्त मौके पर मुख्य रूप से मुखिया सत्येंद्र राम, अर्जुन राम, श्याम बिहारी राम, सरपंच विधापति निराला, अरविंद राम, देवेन्द्र राम, शंकर राम, राजेश राम आदि सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे.