22 मार्च को बिहार दिवस पर होगा भव्य कार्यक्रमों का आयोजन

छपरा। जिलाधिकारी राजेश मीणा के द्वारा बताया गया कि 22 मार्च 2023 बिहार दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन सारण के द्वारा विभिन्न स्थलों पर भव्य कार्यक्रमों का आयोजन होगा। बताया गया कि बिहार दिवस के अवसर पर होने वाले आयोजन हेतु विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों को पूर्व में निर्देशित कर दिया गया है। बिहार दिवस के अवसर पर संध्या में 06:00 बजे से 08:00 बजे तक भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी में किया जाएगा।
          जिलाधिकारी के द्वारा बिहार दिवस के अवसर पर जिलास्तर अनुमंडल स्तर, प्रखंड स्तर एवं विद्यालय स्तर पर प्रभात फेरी एवं प्रातः काल में छात्र छात्राओं का मैराथन कार्यक्रम कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया गया कि सभी सरकारी भवनों को नीले रंग की रोशनी से सजाया जाएगा। विद्यालयों में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। राजकीय कन्या उच्च विद्यालय के प्रागंण में स्टॉक और आकर्षक प्रदर्शनी के साथ विकास मेला का लगाया जाएगा। मेला में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाकर अपने अपने विभागों के महत्त्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। आगंतुकों के लिए विभिन्न व्यजनों के स्टॉल की भी व्यवस्था रहेगी। जीविका, शिक्षा, कृषि, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, जिला बाल विकास परियोजना कार्यालय, स्वास्थ्य उत्पाद विभाग के साथ अन्य विभाग के द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाया जाएगा। बिहार दिवस के अवसर पर भूमिहीनों को बासगीत पर्चा का वितरण किया जाएगा। इसके लिए अधिक से अधिक संख्या में भूमिहीनों को बासगीत पर्चा वितरण करने हेतु आवश्यक तैयारी करने का निर्देश जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया।