विभागीय लक्ष्य पूर्ण करें – डॉ. एस.पी. सिंह
आवश्यक सेवाएं, पेयजल, मौसमी बीमारी एवं कुपोषण निवारण संबंधी बैठक आयोजित
फ़िरोज़ खान
बारां, 19 जून। जिला कलक्टर डॉ एस.पी. सिंह ने कहा कि अधिकारी विकास योजनाओं से संबंधित विभागीय लक्ष्य को पूर्ण करने हेतु संवेदनशील होकर कार्य करेंगे तो जिले में विभिन्न विकासात्मक कार्यों तय समयावधि के भीतर पूर्ण किया जा सकेगा। 
डॉ. सिंह सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित आवश्यक सेवाएं, पेयजल, मौसमी बीमारी एवं कुपोषण निवारण संबंधी बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आगामी मॉनसून के मद्देनजर शहर में नालों की सफाई का कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाना चाहिए जिससे जलबहाव का मार्ग अवरूद्ध न हो, साथ ही उन्हांेने मौसमी बीमारियों की रोकथाम व बचाव, टेंकर द्वारा पेयजल आपूर्ति, सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, राजस्व लोक अदालत शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के संबंध में भी निर्देश दिए।
बैठक में नगर परिषद के प्रतिनिधि ने बताया कि शहर में स्वच्छता का ध्यान रखते हुए नियमित कचरा निस्तारण किया जा रहा है एवं शहर के नालों से मलबा निकालने का कार्य जारी है जिसे शीघ्र ही पूर्ण कर लिया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. बृजेश गोयल ने बताया कि अस्पताल में दवाओं की समुचित उपलब्धता है एवं मौसमी बीमारियों से बचाव हेतु पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इस मौके पर राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के निस्तारण, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के जारी कार्यों की प्रगति के संबंध में भी चर्चा हुई।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रामजीवन मीणा, एसीईओ अशोक पुरूसवानी, उपखंड अधिकारी बद्रीलाल राठौर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।