
✍परमार डाॅट काॅम
🔴झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव में चार दिवसीय लोकमंथन-2018 का आगाज 27 सितंबर से होगा। झारखंड सरकार व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विचार परिवार का संगठन प्रज्ञा प्रवाह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन में देश-विदेश के प्रख्यात विचारक शामिल होंगे। कार्यक्रम में भारत के विभिन्न प्रांतों से करीब एक हजार से अधिक लोग भाग लेंगे। इसका उद्घाटन महामहिम उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू करेंगे। कार्यक्रम का समापन समारोह 30 सितंबर को होगा। इसमें मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन होंगी। सीएम रघुवर दास कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। यह जानकारी प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक जे नंदकुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में देश विदेश के 50 प्रख्यात बुद्धिजीवी आएंगे। इसमें डा डेविड फ्रोली, आचार्य वामदेव शास्त्री, यूपी के स्पीकर ह्दयनारायण दीक्षित, आरएसएस के रंगाहरि, ओडिसी नृत्यांगना सोनलमान सिंह, डा विनय सहस्त्रबुद्धे, इतिहासकार मीनाक्षी जैन, प्रो कौशल पवार, प्रो अशोक मोदक, बाबा मौर्य जैसे अन्य प्रख्यात लोग शामिल होंगे।
श्री नंद कुमार ने बताया कि लोकमंथन के इस संस्करण में भारतबोध जन-गण-मन विषय पर विचार-विमर्श होगा। लोकमंथन 2018 का मुख्य लक्ष्य कला से लेकर पर्यावरण तक के विभिन्न विषयों पर बहुस्तरीय चर्चा करना है। लोकमंथन का पहला संस्करण 12 से 14 नवंबर 2016 में भोपाल में हुआ था। इसमें वर्तमान राष्ट्रीय परिदृश्य पर चर्चा की गई थी।लोकमंथन के जरिये बुद्धिजीवियों और कर्मशील लोगों के बीच संपर्क पुनस्थापित करने का प्रयास किया जायेगा।

उन्होंने बताया कि चार दिनी महासम्मेलन में सभी भादीदारों के लिये सकारात्मक परिणामों को लक्षित कर बहुस्तरीय चर्चा होगी। इसके साथ ही भारत का मानस क्या है, क्या था, क्या होना है और किस दिशा में इसे जाना चाहिये, इस पर चर्चा होगी। महासम्मेलन में वरिष्ठ बुद्धिजीवियों, कलाकारों और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। चार दिनों के दरमियान समाजावलोकन, विश्वालोकन, आर्यावलोकन और आत्मावलोकन विषय पर चर्चा होगी।




Recent Comments