कार्यक्रम के दौरान व्यवहार न्यायालय परिसर के सफाई में जुटे लोग

संजय पांडे/छपरा (सारण)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार , सारण, छपरा के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर में एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान व्यवहार न्यायालय परिसर के विभिन्न हिस्सों एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक साफ-सफाई की गई। अभियान में सभी न्यायिक पदाधिकारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारियों तथा यूथ अधिवक्ता फोरम के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और श्रमदान किया।
मौके पर उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ परिवेश से न केवल सकारात्मक कार्य वातावरण बनता है, बल्कि यह स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए भी अनिवार्य है। सभी प्रतिभागियों ने न्यायालय परिसर को निरंतर स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर विशेष उत्पाद न्यायाधीश तृतीय, श्री राघवेंद्र विक्रम सिंह परमार; श्रीमती स्वाति सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी; श्री संजय कुमार, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नवम्; सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण, श्री राजीव कुमार; लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ पूर्णेन्दु रंजन; यूथ अधिवक्ता फोरम के सदस्य, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मीगण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के कर्मीगण, पी एल वी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।