
छपरा। जिले के तरैया प्रखण्ड के भटगाई और परौना में बाढ़ पीड़ितों के लिए लगाई गई स्वास्थ्य शिविर में दवाओं की कमी से बाढ़ पीड़ित परेशान हैं। जिसको लेकर बाढ़ प्रभावित लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाये गये चिकित्सा शिविर में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध नहीं होने की शिकायत रेफरल अस्पताल तरैया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से की है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिविर में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद हैं, लेकिन बुखार की दवा पेरासिटामोल की टैबलेट के अलावा अन्य जरूरी दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। इससे बाढ़ प्रभावित लोगों को इलाज कराने में परेशानी हो रही है।
बाढ़ पीड़ितों की शिकायत पर सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी ने मोबाइल फोन से मामले की शिकायत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी से की। शिकायत के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने तत्काल स्वास्थ्य शिविर में आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद बाढ़ पीड़ितों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लगाये गये स्वास्थ्य शिविरों में आवश्यक सभी दवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की मांग की है।




Recent Comments