
संजय पांडे/छपरा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण अनंत कुमार सिंह, के निर्देशानुसार शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकार , सारण के तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास व गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्तागण, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मीगण, लीगल एड डिफेंस कॉन्सिल के कर्मीगण एवं पारा विधिक स्वयं सेवकों के द्वारा एक-एक पौधा लगाकर हरियाली का संदेश देने के पश्चात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुआ।
इस अवसर पर विशेष उत्पाद न्यायाधीश तृतीय राघवेंद्र विक्रम सिंह परमार, श्रीमती स्वाति सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी; श्री संजय कुमार, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नवम्; सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण, श्री राजीव कुमार; लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ पूर्णेन्दु रंजन; यूथ अधिवक्ता फोरम के सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों ने बापू के सत्य, अहिंसा और ‘अंतिम व्यक्ति तक न्याय’ (अंत्योदय) के सिद्धांतों तथा शास्त्री जी के सादगी व कर्तव्यनिष्ठा के संदेश को याद किया।
वक्ताओं ने रेखांकित किया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार का मूल ध्येय कमजोर, वंचित और जरूरतमंद तबकों तक त्वरित, निष्पक्ष व निःशुल्क विधिक सहायता पहुँचाना है, जो कि महापुरुषों के सामाजिक न्याय के सपने को साकार करता है।
अधिवक्तागण ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बताया एवं उनके पद चिह्नों पर आगे बढ़ने की बात कही
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकार तथा लैड्स (LADCS) के सभी कर्मी निष्ठापूर्वक उपस्थित रहे। इसके साथ ही नए चयनित पारा विधिक स्वयंसेवक (PLVs), जिन्होंने हाल ही में योगदान दिया है, तथा अन्य सक्रिय पीएलवी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी कर्मियों व स्वयंसेवकों ने समाज के जरूरतमंदों को जागरूक करने और विधिक सहायता सुलभ कराने का संकल्प लिया।




Recent Comments