​*भागलपुर:नशे में धुत जीआरपी ने किया महिला से छेड़खानी का प्रयास, फरार*
👈पुष्पराज कुमार”दैनिक  खोज खबर” भागलपुर👉
नवगछिया पुलिस जिले के नारायणपुर रेलवे स्टेशन परिसर में शराब के नशे में धुत जीआरपी द्वारा देर रात यात्रियों के साथ बदसलूकी करने की खबर मिली है. मामला नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत नारायणपुर रेलवे स्टेशन का है. बताया जा रहा है कि स्टेशन पर तैनात जीआरपी ने नशे में महिला के साथ छेड़खानी का प्रयास किया. हालांकि स्थानीय लोगों के विरोध के बाद वह भाग गया. इस घटना की शिकायत पीड़ित परिवार ने की है.
👉क्या है मामला:-
खगड़िया जिला के परवत्ता थाना के कुल्हड़िया का रहने वाला परिवार महानंदा एक्सप्रैस से नारायणपुर रेलवे स्टेशन पर उतरा. किशनगंज के एमजीएम मेडिकल कॉलेज से परिवार की एक महिला का बच्चेदानी का आॅपरेशन करवा कर लौट रहे थे. नारायणपुर से कुल्हड़िया जाने के लिये जब वो लोग स्टेशन परिसर से बाहर निकल कर आॅटो पकड़ने सड़क पर आये. लेकिन देर रात हो जाने के कारण उन्हें आॅटो नहीं मिला. जिसके बाद परिवार पुनः स्टेशन परिसर में ही आकर सो गया.
              पीड़ित परिवार ने बताया कि रात के करीब 11 बजे हाथ में डंडा लिये एक व्यक्ति आया और खुद को जीआरपी बताते हुए गाली गलौज करने लगा. उसके बाद कहा परिवार की महिलाओं से कहने लगा कि तुम दोनों में से कोई एक मेरे साथ चलो. महिलाओं ने जब इसका विरोध किया तो डंडा दिखाते हुए मारने की धमकी देने लगा. इस दौरान वहां सो रहे अन्य लोगों को भी उसने भगा दिया. हालांकि मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद वो भाग गया.
               सुबह होते ही यह घटना इलाके में फैल गई. स्टेशन पर मौजूद लोगों में आरोपी जीआरपी के प्रति आक्रोश था. वहीं कुछ ग्रामीणों का कहना था कि आरोपी जीआरपी पूर्व में भी कई छोटी-मोटी छेड़खानी को अंजाम दे चुका है.
               इस मामले में रेलवे के एक कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि उक्त आरोपी के रवैये से रेलवे कर्मचारी भी खफा हैं. वो यहाँ के रेलवे स्टाफ के साथ भी अभद्र ढंग से पेश आता है.