भंवरी देवी हत्याकांड: एटीएस ने छह साल से फरार इंद्रा विश्नोई को किया गिरफ्तार
आज़ाद नेब ब्यूरो चीफ़ राजस्थान 
जयपुर 3 जून। प्रदेश के बहुचर्चित भंवरी देवी हत्याकांड में पिछले छह साल से फरार चल रही इंद्रा विश्नोई आखिरकार एटीएस की गिरफ्त में आ ही गई। एटीएस ने उसे मध्य प्रदेश के देवास में नर्मदा नदी के तट से गिरफ्तार किया है। इंद्रा विश्नोई पर सीबीआई ने पांच लाख का ईनाम भी घोषित किया हुआ है। आज एटीएस की टीम इंद्रा विश्नोई को सीबीआई को सौंपेगी। राजस्थान के साथ कई केन्द्रीय कांग्रेसी नेताओं के भी भंवरी देवी के साथ सबंध होने की बात सामने आई है। सेक्स ब्लेकमेलिंग से जुड़े इस हत्याकांड की जांच हालांकि सीबाआई कर रही है लेकिन इंद्रा विश्नोई की गिरफ्तारी राजस्थान एटीएस ने की है। 
साजिशकर्ता इंद्रा विश्नोई पूर्व विधायक मलखान सिंह की बहिन है। माना जाता है कि एएनएम भंवरी देवी को इंद्रा ने ही कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा से मिलवाया था। साथ ही इंद्रा के कहने पर ही भंवरी देवी ने महिपाल मदेरणा की सेक्स सीडी बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया था। बाद में इंद्रा की बातें नहीं मानने पर इंद्रा ने भंवरी की हत्या करवा दी थी।