कांग्रेस ने मांगा केजरीवाल सरकार से इस्तीफा​
तहसीम अहमद
नयी दिल्ली 6 अप्रैल।कांग्रेस ने दिल्ली सरकार के गैरकानूनी फैसलों और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का खुलासा करने वाली शुंगलू समिति की रिपोर्ट के मद्देनजर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से इस्तीफा देने की मांग की है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने आरटीआई के जवाब में हासिल की गयी शुंगलू समिति की रिपोर्ट आज सार्वजनिक करते हुये केजरीवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज करने की मांग की।
माकन ने कहा कि पूर्व नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक वीके शुंगलू की रिपोर्ट में केजरीवाल सरकार द्वारा गैरकानूनी तरीके से भूखंड आवंटन करने, सरकार में अपने चहेतों को लाखों रपये के वेतन पर तैनात करने और सरकारी खर्च पर अनधिकृत विदेश यात्रायें करने के मामलों का खुलासा किया है। इनमें दिल्ली के सबसे पॉश इलाके राउज एवेन्यू में मंत्री के बंगले को बतौर आम आदमी पार्टी :आप: के कार्यालय आवंटित करने, गैरकानूनी तौर पर सरकार में 81 नये पद सृजित कर सैकड़ों आप कार्यकर्ताओं को नियुक्त करने और महज 18 महीने में मंत्रियों की 24 अनधिकृत विदेश यात्राओं सहित अन्य गंभीर मामलों का खुलासा हुआ है।
रिपोर्ट में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन की बेटी सौम्या जैन और मंत्री गोपाल राय के रिश्तेदार अभिनव राय को सरकार में भारी वेतन पर नियुक्त करने, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल और आप विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी को अनधिकृत तौर पर सरकारी आवास आवंटित करने के अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय में आप कार्यकर्ता गोपाल मोहन को एक रूपये के वेतन पर तैनात करने के चार महीने बाद सवा लाख रूपये का वेतन पिछले बकाया के साथ देने का मामला हैं।