हुसैनगंज में पूर्व पैक्स अध्यक्ष को अपराधियों ने मारी गोली ,पटना रेफर

◆परवेज अख्तर/ सिवान;जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा चट्टी समीप रविवार की देर शाम बाइक सवार दो अपराधियों ने पूर्व पैक्स अध्यक्ष सह एक आरा मशीन के मुंशी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गए। गोली लगने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल पहुंचे और घायल व्यवसायी हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बिंदवल रसूलपुर निवासी श्यामानंद यादव को इलाज के लिए सदर अस्पताल में पहुंचाया।जहां सदर अस्पताल में तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अहमद अली ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि घायल को दो गोली लगी है। एक गोली दाहिने हाथ को भेदती हुई निकल गई और दूसरी गोली दाहिने तरफ की छाती में फंसी हुई थी। गंभीर स्थिति में घायल को रेफर कर दिया गया है। लेकिन परिजन घायल को इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक में लेकर चले गए। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान समाजसेवी सह लावारिस शव मुक्ति समिति के सदस्य श्री निवास यादव ने भी बहुत मदद की।उधर घटना की सूचना पाकर एसडीपीओ जितेंद्र पांडे अस्पताल पहुंचे और पूछताछ कर जानकारी ली। अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने बताया कि श्यामानंद यादव हुसैनगंज चट्टी पर अमरेंद्र सिंह के आरा मशीन में मुंशी का काम करते हैं और आरा मशीन की दुकान बंद कर अपने घर बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। लौटने के क्रम में घात लगाए अपराधियों ने श्यामानंद पर ताबड़तोड़ दो गोलियां चला दी, दोनों गोलियां उनके हाथ और छाती पर लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। एसडीपीओ जितेंद्र पांडे ने घायल का मौखिक बयान के आधार पर छानबीन शुरू कर दिए हैं।खबर लिखे जाने तक घटना की पूर्ण जानकारी नहीं मिल सकी थी।