हरिहर क्षेत्र में अयोध्या की भांति दीपोत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन

दीपावली के दिन एक लाख दीप प्रज्वलित हुए नारायणी के घाट पर.

सोनपुर — हरिहर क्षेत्र की पावन धरती पर अवस्थित नमामि गंगे परियोजना द्वारा सदानीरा नारायणी नदी के तट पर निर्मित पुल घाट पर दीपावली की रात एक लाख दीप प्रज्वलित किए गए । दीप प्रज्वलन का यह कार्यक्रम सोनपुर स्थित विभिन्न सामाजिक सेवा संस्थानों एवं आम जन सहयोग द्वारा संयुक्त रुप से आयोजित किया गया। इस बात की जानकारी देते हुए हरिहर क्षेत्र स्मृति मंजूषा के समन्वयक साहित्य प्रेमी एवं सेवानिवृत्त बैंककर्मी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि अयोध्या एवं वाराणसी की तरह नारायणी नदी अवस्थित पुल घाट को एक लाख दीपों से सजाया गया। वरिष्ठ बैंक अधिकारी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि इस प्रकार का कार्यक्रम यहां पहले कभी नहीं हुआ था एवं इसकी अगली कड़ी उत्तरोत्तर इससे कहीं और अधिक दीप प्रज्वलन का रिकॉर्ड होगी। सोनपुर से प्रकाशित मासिक पत्रिका हरिहर क्षेत्र के संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार सह अधिवक्ता विश्वनाथ सिंह ने इस दीपोत्सव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस अवसर पर ख्याति प्राप्त धार्मिक गुरुओं, साधु-संतों एवं अन्य धर्माचार्यों ने पहुँच कर इस दीपोत्सव में शामिल हुआ । इस दीपोत्सव में सभी उम्र वर्ग के लोगों में अद्भुत उत्साह देखा गया ।