एकमा/सारण । पिछले चार दिन से कड़ाके व हड्डी कंपकंपाती ठंड़ के प्रकोप से जनजीवन अस्त-व्यस्त है । लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं । एकमा प्रखण्ड के नगर पंचायत एकमा बाजार क्षेत्र में अब तक अलाव की व्यवस्था नहीं होने से रेल यात्रियों, अस्पताल आने जाने वाले रोगियों व उनके साथ के
सहयोगियों, हाट बाजार करनेवालों ,ठेला चलाने वालों,टेम्पू चलाने वाले एवं सड़क किनारे फूटकर दुकानदारों को इस कंपकंपाती ठण्ड में काफी परेशानी हो रही है , लेकिन नगर पंचायत बिभाग की ओर से अलाव की अब तक कोई व्यवस्था नहीं करने से इस क्षेत्र के लोग खासकर ग़रीब तबका के लोग बुरी तरह परेशान हैं ।
हैरतअंगेज तथ्य तो यह है कि एकमा बाजार नगर पंचायत का कार्यालय निकट ही अवस्थित प्रखण्ड मुख्यालय परिसर में ही है , फिर भी वरीय अधिकारी से लेकर नगर पंचायत एकमा बाजार के कार्यपालक पदाधिकारी तक एवं वार्ड पार्षद से लेकर विधायक तक मुकदर्शक बने हुए हैं । इस कडाके की ठण्ड में जनप्रतिनिधि कार्यालयों का उद्धाटन तो करते फिर रहे हैं , लेकिन इस हड्डीतोड कंपकंपाती ठण्ड में चौक-चौराहों , सार्वजनिक स्थाऩों जैसे रेलवे स्टेशन के बाहर ,डाकघर , सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ,प्रखण्ड मुख्यालय , बाजार में आदि स्थानों पर अलाव जलवाने के बारे में उन्हें शायद स्मरण ही नहीं होता है ।