सोशल मीडिया पर शराब के साथ भाजपा नेता की तस्वीर वायरल, पुलिस ने किया गिरफ्तार

(तस्वीर जो सोशल मीडिया पर हुई है वायरल)

दैनिक खोज खबर, छपरा

सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक नेता को गिरफ्तार किया है। एकमा में एक निजी नर्सिंग होम के निकट से गिरफ्तार युवक एकमा थानाक्षेत्र के भरहोपुर मठिया ग्राम निवासी राजदेव गिरी का पुत्र विशाल गोस्वामी बताया जाता है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर शराब के साथ भाजपा नेता विशाल गोस्वामी की तस्वीरें वायरल हो गयी थी। शराब के साथ तस्वीर वायरल होने के बाद सारण एसपी हरकिशोर राय के निर्देश पर एकमा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार दास ने उक्त युवक को गिरफ्तार किया है।

विशाल ने भारतीय जनता पार्टी के कई वरीय नेताओ के साथ तस्वीरे खिंचवाई है जो उसके फेसबुक आईडी से साझा की गई हैं।

वायरल तस्वीर पर गिरफ्तारी के बाद एकमा व आसपास के इलाकों में लोग कई तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।