
मांझी(सारण)। यूपी व बिहार की सीमा को जोड़ने वाले अति महत्वपूर्ण जयप्रभा सेतु के जीर्णोद्धार को लेकर स्थानीय सोशल ग्रुप ‘अनुभव जिंदगी का’ के तत्वावधान में सारण व बलिया के डीएम तथा यूपी के सड़क सुरक्षा अधिकारी को लिखित आवेदन दिया गया है।

संचालक मनोज कुमार सिंह की ओर से आवेदन में कहा गया है कि जयप्रभा सेतु की अवस्था विगत कुछ वर्षों में बेहद जर्जर हो गई है। दोनों प्रदेशों के बीच यात्रा व परिवहन को सुगम बनाने के उद्देश्य से इस बहु-प्रतिक्षित सेतु का निर्माण कराया गया था। सरयू नदी के ऊपर सारण के मांझी से बलिया के चाँद दियर के बीच 36 खंभों पर खड़ा ग्यारह सौ साठ मीटर लम्बे जयप्रभा सेतु के ऊपर विभागीय संवेदन-हीनता के कारण रख-रखाव व देख-भाल के अभाव में बने असंख्य गड्ढें, बाहर निकल कर दिखाई दे रहे नुकीले रड, बीच में कई माह पूर्व से टूटी पड़ी रेलिंग इसकी दुर्दशा बयां कर रही है। इससे होकर जब कोई वाहन गुजरता है यह हिलने लगता है। इस सेतु के ऊपर तथा दोनों तरफ के सम्पर्क पथ पर भयंकर दुर्घटनाओं के कारण अब तक न जाने कितने असमय काल कवलित हो चुके हैं। सेतु पर किसी दुर्घटना की स्थिति में जख्मी होकर दर्द से छटपटाते लोगों को देख कर रूहें कांप जाती है। सम्पूर्ण क्रांति के महानायक जयप्रकाश बाबु के सपनों का यह सेतु अपनी हालत पर आंसू बहाने को मजबूर है। यह सेतु सिर्फ दो प्रदेशों को ही नही बल्कि लोगों के दिलों को भी जोड़ता है। मगर आज स्थिति यह है कि इससे गुजरते वक्त लोग अनहोनी की आशंका से सिहर उठते हैं। यह सेतु शोक संवेदना का माध्यम बनकर रह गया है। प्रति वर्ष 11 अक्टूबर को इसी सेतु को पार कर बड़ी संख्या में राजनेता, अधिकारी से लेकर आम लोग जेपी की जन्म भूमि को नमन करने सिताब दियारा पहुंचते हैं। मगर अफसोस की बात यह है कि उनकी यादों से जुड़े इस सेतु के दर्द को पिछले पांच वर्षों में किसी ने गहराई से महसूस नही किया। इसका मामला न कभी किसी सदन में उठाया गया और न सम्बन्धित विभागीय पदाधिकारियों ने इसकी सुधि ली। जबकि सेतु का जीर्णोद्धार कराने की मांग लोग वर्षों से कर रहे है। ऐसा प्रतीत होता है कि सभी जिम्मेवार लोग किसी भीषण दुर्घटना की बाट जोह रहे हैं। कुछ दिन पहले ही बलिया मोड़ पर विशाल धरना भी आयोजित किया गया था। आवेदन में कहा गया है कि अगले पांच दिसम्बर के पूर्व जयप्रभा सेतु के जीर्णोद्धार को लेकर पहल नही किया गया तो जनहित व क्षेत्र हित में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




Recent Comments