खराब समय में आपका साथ देने सबसे पहले आएंगेएसडीआरएफ और सिविल डिफेंस के लोग : सारण एडीएम डा. गगन

सोनपुर। विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेला में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के बैनर तले आपदाओं में सुरक्षित रहने की जानकारी मेलार्थियों को दी जा रही है। प्राधिकरण के पेवेलियन में विभिन्न स्टॉल पर आकर लोेगों ने बड़ी दिलचस्पी के साथ आपदा प्रबंधन से जुड़ी जानकारी हासिल की। बुधवार को सिविल डिफेंस का 60वां स्थापना दिवस पेवेलियन में ही मनाया गया। इस मौके पर सारण के एडीएम, सारण डॉ. गगन ने सिविल डिफेंस के कार्यों की सराहना की। संस्था से जुड़े सभी लोगों को सम्मानित किया। डॉ गगन ने कहा कि आपदा या अन्य किसी भी बुरे वक्त में एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस के लोग ही सबसे पहले पहुंचने वालों होते हैं। इनके काम की जितनी भी तारीफ की जाए कम है।
मंगलवार को तीन विद्यालयों के बच्चों ने पेवेलियन का भ्रमण किया। आपदाओं से बचने की जानकारी ली। विशेषज्ञों ने उन्हें बताया कि कैसे विभिन्न आपदाओं में खुद सुरक्षित रहेंगे और लोगों को भी सुरक्षित रखेंगे। उत्क्रमित मध्य विद्यालय, भरपुरा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दामोदरपुर और उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गंगाजल के कुल 83 बच्चों ने आपदाओं से जुड़ी एक्टिविटीज में हिस्सा लिया। इसमें पेंटिंग्स, खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
उत्कर्ष एक पहल संंस्था की ओर से लगाए गए स्टॉल में विशेषज्ञों की निगरानी में बड़ी संख्या में लोगों की चिकित्सा जांच की गई। डॉ प्रमोद कुमार, डॉ अविनाश कुमार, डॉ संजीव कुमार, डॉ मनीष कुमार, डॉ सुजीत कुमार गुप्ता, कुंदन कुमार, अरुण कुमार ने उन्हें उचित परामर्श दिया गया।
डिजास्टर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट की ओर से क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागी शामिल हुए और आपदाओं से जुड़े सवालों के जवाब दिए।
एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, बिहार अग्निशमन सेवा, और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञों ने बच्चों और आम लोगों को भूकंप, अगलगी, वज्रपात, सड़क दुर्घटना, शीतलहर, सर्पदंश समेत अन्य आपदाओं में बचने की विस्तार से जानकारी दी। मेला क्षेत्र में घूम-घूम कर स्वयंंसेेवी संस्था नारी गुंजन के दल ने ड्रम वादन किया, आपदाओं में सुरक्षित रहने के लिए लोगों को जागरूक किया। संगीतमय प्रस्तुति देखने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह नजर आया।