सारण जिला पत्रकार संघ के कार्य समिति की बैठक सम्पन्न

छपरा (सारण)। रविवार को सारण जिला पत्रकार संघ के कार्य समिति की बैठक स्थानीय सारण सेंट्रल पब्लिक स्कूल के परिसर में संघ के अध्यक्ष डॉ विद्यभूषण श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में चार महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई. इस दौरान कार्य समिति के सदस्यों ने जहाँ अपने सुझाव रखे वहीं कुछ बिंदुओं पर और बेहतर किये जाने की आवश्यकता जतायी. कार्यवाही की शुरुआत पिछली बैठक की संपुष्टि के साथ प्रारम्भ हुई, जिसमें खाता को अद्यतन करने व नियमित संचालन के लिए अति शीघ्र पहल करने पर बल दिया गया. संघ से जुड़े सदस्यों के परिचय पत्र नवीकरण करने व नए सदस्य बनाने के लिए आवेदन आमंत्रित करने की तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गई, साथ ही सभी सदस्यों का परिचय-पत्र 5 अक्टूबर तक वितरित कर देने पर सहमति बनी. सदस्यों ने पत्रकारिता से जुड़े नव पत्रकारों के लिए समय समय पर कार्यशाला आयोजित कर उनका उन्मुखीकरण करने, तथा पत्रकार हित संबंधी कार्य योजना बनाने पर कार्य करने की जरूरत बतायी। अंकेक्षक संजय भारद्वाज ने स्वस्थ्य बीमा योजना हेतु पत्रकारों का आवेदन संघ के माध्यम से निदेशक पीआरडी को प्रेषित करने का सुझाव दिया जिसका सभी सदस्यों ने समर्थन किया। संघ से जुड़े सभी पदाधिकारियों व सदस्यों की सूची जिला व प्रखंड स्तर पर प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया. बैठक में महासचिव जाकिर अली, संगठन मंत्री बसंत कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष चंद्रशेखर, प्रवक्ता नदीम अहमद, कार्यालय सचिव किशोर कुमार, उपाध्यक्ष श्रीराम तिवारी,संजय कुमार सिंह, संजय दिघवारवी, संतोष कुमार गुप्ता व मुकेश कुमार, संयुक्त सचिव देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव, सुरभित दत्त व दीपक कुमार, कार्यकारिणी सदस्य वीरेंद्र कुमार यादव, राणा प्रताप सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, पंकज कुमार मिश्रा, मनोज कुमार सिन्हा आदि उपस्थित थे।