सिवान :पेंशनर्स एसोसिएशन के जिला सम्मेलन में समस्याओं पर चर्चा
#परवेज़ अख्तर
सिवान :
स्थानीय जिला परिषद के सभागार में रविवार को बिहार पेंशनर समाज की जिला शाखा का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अवध बिहारी शरण सिन्हा ने की। समारोह में जिप अध्यक्ष संगीता देवी, जिला पार्षद प्रद्युम्न राय, पर्यवेक्षक
केदार नाथ दुबे, वागींद्रनाथ पाठक, रामजी सिंह, काशीनाथ सिन्हा, दीनानाथ पांडेय समेत अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
स्वागत भाषण ब्रजदेव सिंह यादव ने दिया। उद्घाटन के बाद विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता सुभाष्कर पांडेय, ब्रजमोहन रस्तोगी, वागींद्र पाठक, रामजी सिंह, केदारनाथ प्रसाद एवं शत्रुघ्न प्रसाद श्रीवास्तव आदि ने संबोधित किया। सचिव ललन मिश्रा ने संगठन के आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हुए पेंशनर्स की समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संगठन के भवन के लिए डीएम से अनुरोध करने का निर्णय लिया गया।
सम्मेलन में माध्यमिक 2017 की परीक्षा में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाले उच्च विद्यालय हसुआ के छात्र प्रकाश कुमार को स्व. शंभू शरण श्रीवास्तव छात्रवृत्ति एवं प्रतिभा प्रोत्साहन पुरस्कार के रूप में 10 हजार रुपये दिए गए। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पेंशनरों को सम्मानित
किया गया, जिनमें राजेंद्र प्रसाद सिंह एवं राजेंद्र प्रसाद राय आदि शामिल हैं।
अगले सत्र 2018-22 के लिए केदारनाथ दुबे के पर्यवेक्षण में जिला कार्यकारिणी का गठन किया, जिसमें पूर्व जिलाध्यक्ष अवध बिहारी शरण सिन्हा को अध्यक्ष, ब्रजदेव सिंह यादव को उपाध्यक्ष, ललन मिश्रा को जिला सचिव, केदारनाथ प्रसाद को संगठन सचिव, डॉ. सुशील पांडेय एवं
शत्रुघ्न प्रसाद श्रीवास्तव को संयुक्त सचिव, नागेंद्र मिश्र को कोषाध्यक्ष समेत अन्य 13 को कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित किया गया।
संचालन संगठन सचिव केदारनाथ प्रसाद ने किया।




Recent Comments