सिवान :पुलिस लाइन का होगा कायाकल्‍प – डीआइजी
#परवेज अख्‍तर, सिवान :
सारण परिक्षेत्र के डीआइजी विजय कुमार वर्मा ने सोमवार को एसपी कार्यालय का निरीक्षण किया ,इसके बाद पुलिस केंद्र में पुलिस आम सभा किया। पुलिस आमसभा के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की समस्याओं को सुना एवं आवश्यक निर्देश दिया। पुलिस आमसभा में जवानों ने पुलिस बैरक में बिजली की स्थिति की समस्या को बताया। यह भी कहा कि बैरक में पंखे नहीं हैं जिस पर डीआइजी ने एसपी नवीनचंद्र झा को कहा कि इसे अविलंब दूर कराएं। पुलिस केंद्रों में जितनी भी समस्या हैं इसके बारे में जवानों ने डीआइजी को जानकारी दीं, जिसमें
पानी की समस्या अहम है। जवानों ने कहा कि चापाकल से पानी पीला निकलता है। इस पर डीआइजी ने निर्देश दिया कि पुलिस केंद्र में दो फ्रीज वाटर फिल्टर अविलंब लगाएं एवं चापाकल जिसमें सुधार कराया जा सकता है उसको बनवाए। उन्होंने एसपी से कहा कि सांसद, विधायक से अनुरोध कर पुलिस केंद्र के लिए चापाकल की मांग करें। इसके अलावा जितनी भी समस्याएं पुलिस केंद्र में है इसको सुना एवं दूर करने का आश्वासन दिया। पुलिस केंद्र का बाउंड्री कराना, परेड ग्राउंड का लेवलिंग कराना, शौचालय का निर्माण कराने को कहा। इन्होंने बताया कि
पुलिस केंद्र को ग्रीन जोन बनाने की भी कवायद की जा रही है। पुलिस आमसभा में डीआइजी ने जिस थानों के अपना भवन नहीं है उन्हें सीओ से मिलकर सरकारी जमीन देखने की बात कही। इस संबंध में विभाग को शीघ्र पत्र भेजने का उन्होंने विश्वास दिलाया। वहीं जवानों ने डीआइजी से कहा कि उन्हें छुट्टी आसानी से नहीं मिलती है भागदौड़ करने पर छुट्टी मिलती है। इस बारे में डीआइजी ने कहाकि संबंधित पदाधिकारी छुट्टी नहीं देते हैं तो आकस्मिक छुट्टी के लिए एसपी से मिलें। इन्होंने एसपी से कहां की सिपाहियों को मानसिक तनाव में कार्य ना कराएं। पुलिस आम सभा में डीआइजी ने उपस्थित पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों से कहा कि सिवान की रामनवमी को लेकर पुलिस हेडक्वाटर चिंतित है। आप सभी एक दूसरे के सहयोग से रामनवमी में अच्छा कार्य करें। अगर दूसरे के क्षेत्र से भी कोई सूचना मिलती है तो इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दें। इसके पूर्व पुलिस उपमहानिरीक्षक विजय कुमार वर्मा ने एसपी कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण फाइलों का अवलोकन किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। विभागीय सूत्रों ने बताया कि डीआईजी वर्मा ने एसपी कार्यालय के अपराध, सामान्य, गोपनीय,विदेशी शाखा तथा लेखा विभाग के कार्यों का ब्योरा तलब कर उसका अवलोकन किया। निरीक्षण के बाद डीआईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के क्रियाकलापों पर संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने कहा कि एसपी के नेतृत्व में अच्छा कार्य किया जा रहा है। सभी रिकॉर्डों को अपडेट किया जा रहा है जो अच्छे कार्य के संकेत हैं। डीआइजी ने परेड में भाग लिए सभी प्रतिभागियों को 38900 नकद राशि का पुरस्कार दिया एवं परेड कमांडर डीएसपी कल्पनाथ सिंह
को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर एएसपी कार्तिकेय शर्मा, नगर इंस्पेक्टर सुबोध कुमार, मैरवा प्रभाग के इंस्पेक्टर मो. युसूफ समेत पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद थे।