योगी का बढ़ता क़द प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ख़तरा, अंतरकलह खुल कर सामने आया
सविता उपाध्याय
लखनऊ 4 मई। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के संगठन हिन्दु युवा वाहनी और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच जारी वर्चस्व की लड़ाई अब खुलकर सामने आ गयी है।
पिछले हफ़्ते राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ आरएसएस के साथ बैठक में सत्ता में हिन्दु युवा वाहनी के वर्चस्व को लेकर सामने आयी कसक प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी दिखाई दी। यूपी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के उप मुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा तो साधारण तरीक़े से लेकिन वह जब बोले तो बैठक में बैठे लोगों को उसके राजनैतिक निहितार्थ निकालने में तनिक भी मुश्किल नहीं हुयी। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा सरकार बनने के बाद कुछ लोग हमारे कार्यकर्ताओं को हाशिये पर ढकेलने की कोशिश कर रहे हैं, पार्टी के कार्यकर्ताओं को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है, जिसे हम बर्दाश्त नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि हर स्तर पर पार्टी के कार्यकर्ताओं के सम्मान की रक्षा होगी।
केशव प्रसाद मौर्य ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कार्यकर्ताओं की पीठ में छुरा घोंपने वालों को बख़्शा नहीं जाएगा। जिस समय केशव प्रसाद मौर्य यह कह रहे थे उस समय मंच पर बैठे मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर एक के बाद एक भाव आकर गुज़र गए। योगी बोले तो कुछ नहीं लेकिन बैठक में मौजूद नेताओं के हाव-भाव से साफ़ ज़ाहिर हो रहा था कि प्रदेश में मोदी और अमित शाह की जोड़ी के ख़िलाफ़ पार्टी में बग़ावत के स्वर तेज़ हो रहे हैं।
हिन्दु युवा वाहनी के बढ़ते वर्चस्व ने एक ओर जहां प्रधान मंत्री मोदी की चिंता बढ़ा दी है तो दूसरी ओर योगी के तेज़ी से बढ़ते क़द को प्रधान मंत्री के लिए अब बड़ी चुनौती माना जाने लगा है।
सूत्रों का मानना है कि योगी की नज़र 2019 में केन्द्र की सत्ता की बागडोर संभालने पर है, इसलिए हिन्दु युवा वाहनी इतने उग्र तेवर दिखा रही है। यही कारण है कि मोदी व अमित शाह के क़रीबी माने जाने वाले केशव प्रसाद मौर्य यूपी में मोदी सरकार बनने के बाद से ही नाम लिए बिना हिन्दु युवा वाहनी के बढ़ते प्रभाव पर सवाल खड़े करते रहे हैं। वे कह चुके हैं कि कुछ लोग राज्य में हिंसा फैलाकर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।




Recent Comments