सिवान :पांच कंपनी के जवान के जिम्‍मे शहर की सुरक्षा, रामनवमी कल रविवार को
#परवेज अख्‍तर, सिवान : रामनवमी जुलूस कल रविवार को है। इसको लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। शनिवार की दोपहर एसएसबी के जवानों सहित
बिहार पुलिस के जवानों ने मुफ्फसिल थाना से फ्लैग मार्च किया जो जेपी चौक, रजिस्ट्री कचहरी, कगजी मोहल्ला, नया किला,आनंद नगर, शांति वट वृक्ष के रास्ते डीएवी मोड़ पहुंचा। इस दौरान डीएम महेंद्र कुमार और एसपी नवीनचंद्र झा के साथ नगर थाना, मुफ्फसिल थाना, महादेवा ओपी, सराय ओपी, महिला थाना एवं एससीएसटी के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। जवानों की इतनी संख्या और सायरन की आवाज सुनकर हर कोई अपने-अपने कार्य छोड़ फ्लैग मार्च देखने लगा। इस बार ड्रोन कैमरे से भी शहर में जुलूस की निगरानी की जाएगी। इसका ट्रॉयल शनिवार को भी किया गया। बता दें कि मुजफ्फरपुर एवं पटना से आए ड्रोन कि टीम जुलूस पर नजर रखेंगी। शनिवार को दो ड्रोन से शहर के शास्त्री नगर, कगजी मोहल्ला, नया किला, नवलपुर, जेपी चौक, थाना मोड, बड़ी मस्जिद समेत अन्य स्थानों की जांच किया। ड्रोन संचालक विकेश एवं सोनू बे बताया कि 500 मीटर ऊंचाई एवं 500 मीटर का क्षेत्र एक ड्रोन कवर करता है। शहर में 15 स्थानों पर सीसी कैमरे लगाए गए हैं, जहां से जुलूस की हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। इनमें जेपी चौक, कागजी मोहल्ला चौक, बड़ी मस्जिद, शांति वट वृक्ष, बबुनिया मोड़, अस्पताल मोड़ सहित अन्य जगह हैं। ये वे स्थान हैं, जिन्हें शांति समिति और जिला प्रशासन ने अति संवेदनशील और संवेदनशील घोषित किया है। फ्लैग मार्च में एसएसबी, घुड़सवारी दल, बिहार पुलिस के सैकड़ों महिला एवं पुरुष बल के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद थे।
#हर पल होगा रिकॉर्ड :
जिला प्रशासन इस बार कोई भी चूक नहीं करना चाहता, इसलिए इस बार सीसी कैमरा, ड्रोन कैमरा सहित कंट्रोल रूम आदि की स्थापना की गई है।
इस बार हर गतिविधि पर खुद वरीय अधिकारी जैसे डीएम, एसपी, एसडीओ, एएसपी सहित नगर थाना में बनाए गए कंट्रोल रूम से नजर रखेंगे।