सिवान :जेई को धमकी मामले में बीईओ पर गिरी गाज, किया गया प्रभार मुक्त
#परवेज अख्तर /सिवान : जेई से धमकी मामले में सोमवार को बीईओ पर गाज गिर गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी चंदशेखर राय ने आदेश निर्गत कर भगवानपुर हाट के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के प्रभार से प्रभार मुक्त कर दिया। बता दें कि रास बिहारी दुबे गोरेयाकोठी प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हैं और भगवानपुर प्रखंड का भी प्रभारी बनाया गया था, लेकिन जेई धमकी मामले में दोषी शिक्षक को जांच के दौरान बचाव करने में संलिप्त पाए जाने पर डीईओ ने कार्रवाई करते हुए उन्हें भगवानपुर हाट से प्रभार मुक्त कर दिया। उनके जगह पर महाराजगंज प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार मांझी को भगवानपुर प्रखंड के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी का प्रभार दिया। कार्यालय आदेश निकालते हुए डीईओ ने निर्देश दिया है कि आदेश प्राप्ति के साथ ही प्रभार का आदान प्रदान करना सुनिश्चित करेंगे। ज्ञात हो कि 20 मार्च को भगवानपुर बीआरसी में जिला स्तरीय टीम का बैठक हो रही थी। बैठक समाप्ति के बाद सहायक शिक्षक प्रवीण कुमार ने जेई दीपक कुमार राय को जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में डीईओ ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को जांच का आदेश दिया था। लेकिन जांच में अनियमितता बरतने एवं दोषी शिक्षक को बचाव करने में संलिप्त पाए जाने पर प्रभार मुक्त कर दिया गया। वही दोषी शिक्षक पर सुनवाई मंगलवार को होगी।
—————