सारण मे लगाये जायेंगे एक करोड़ फलदार पौधे,बेला रेल चक्का कारखाना में सांसद राजीव प्रताप रूडी ने पौधा लगाकर पर्यावरण अनुकुल बनाने की शुरू की नई पहल
#बेला रेल चक्का कारखाना में पौधा लगाते सांसद राजीव प्रताप रुडी व अन्य


(छपरा)सारण, 30 जुलाई, 2018 । सारण में विकास के विविध आयामों को अंजाम देने वाले स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रुडी ने अब पर्यावरण को अनुकूल बनाने की नई पहल शुरू की है। जिसके तहत सावन के पवित्र महीने में वृक्षारोपण कर अपने अभियान को गति प्रदान की। ऐसा पहली बार हो रहा रहा है जब किसी सांसद के नेतृत्व में किसी एक लोकसभा क्षेत्र में इतने वृक्ष लगाये जायेंगे। श्री रुडी का पर्यावरण की स्वच्छता के इस अभियान के तहत फलदार वृक्ष लगाये जायेंगे। साथ ही पर्यावरण को शुद्ध करने वाले पिपल बरगद, नीम आदि के पौधे भी लगाये जायेंगे। ये पौधे पर्यावरण को शुद्ध करने के साथ-साथ अधिक मात्रा में प्राण रक्षक वायु आक्सीजन देते है। इसके तहत श्री रुडी ने शनिवार को बेला रेल चक्का कारखाना में वृक्ष लगाए। सांसद ने लोगों से वृक्ष लगाकर पर्यावरण को स्वच्छ बनाने की अपील की।
इस संदर्भ में सांसद श्री रुडी ने कहा कि वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं एक सामाजिक अभियान है जिसमें युवा वर्ग को बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिये और देश को नई उंचाईयों पर ले जाने का का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पर्यावरण संरक्षण आन्दोलन को एक नयी दिशा दी गयी है। उन्होंने मानव जीवन में पेड़ पौधों की उपयोगिता बताते हुए कहा कि अनुसंधान के आधार पर यह निष्कर्ष निकल कर आया है कि एक वृक्ष अपने पचास वर्ष के जीवन काल में कुल मिलाकर करीब एक करोड़ रुपये का अनुदान लौटाता है. इसमें प्राण रक्षक वायु आक्सीजन, प्रदूषण नियंत्रण, भूमि को क्षरण से बचाना, जल संरक्षण, पशु पक्षियों का संरक्षण, चारा, फल, और लकड़ी तथा अन्य सहयोग शामिल हैं।
सांसद ने बताया कि कि हमारा लक्ष्य है कि सब को स्वच्छ वातावरण मिले, सांस लेने के लिए शुद्ध आक्सीजन मिले। इसके लिए हमने सारण के सभी सार्वजनिक स्थानों, शैक्षणिक स्थान, स्कूल/कॉलेज के प्रांगण के साथ ही सभी प्रखण्डों व जिला मुख्यालय को हरा भरा बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक युग में जलवायु परिवर्तन एक बड़ी समस्या है। दुनिया भर में चिंता का सबब बने जलवायु परिवर्तन की समस्या को हल करने में वृक्ष सहायक हो सकते है। वृक्षों की कटाई से पृथ्वी पर ही संकट आ गया है इसलिये वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी जरूरत बन गया है। उन्होंने सारण के लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने इलाकों में न केवल पौधे लगाएं बल्कि उसके संरक्षण और संवर्द्ध्रन का भी जिम्मा उठायें। सांसद ने बताया कि इस अभियान में आम, केला, नीम, वट, पीपल सहित अधिक आक्सीजन देने वाले वृक्षों के पौधे भी लगाये जायेंगे, जिससे इस देश को अधिक से अधिक प्राणवायु (आक्सीजन) मिल सके और पर्यावरण प्रदूषण को रोका जा सके.
सांसद का यह अभियान, स्वयं वित्त पोषित संगठन ‘‘प्लांटोलॉजी’’ के सहयोग से चलेगा। इसकी संस्थापक और सीईओ राधिका आनंद ‘फाल्वन’ कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण का अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत ही सारण में वृक्ष आरोपण होगा। गत मई माह में भारत में बेल्जियम के तत्कालीन राजदूत श्री जान ल्यूक्स व राधिका आनंद के साथ सांसद राजीव प्रताप रुडी ने अमनौर में वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरूआत की थी।
साभार : संजीव कुमार /दैनिक भास्कर मढौर , सारण




Recent Comments