नितेश कुमार सिंह/दैनिक खोज खबर/मांझी (सारण)। मांझी प्रखंड के मझनपुरा गांव में एक अत्यंत दुर्लभ हिमालयन ग्रिफन प्रजाति का गिद्ध मिला है। जमीन पर जख्मी हालत में गिरे इस विशालकाय गिद्ध को स्थानीय युवकों ने जंगली कुत्तों के हमले से बचाया। ग्रामीणों की तत्परता और सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गिद्ध का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। जानकारी के अनुसार, मझनपुरा पंचायत क्षेत्र में इस विशाल पक्षी को असहाय स्थिति में देखा गया। वार्ड सदस्य धर्मदेव राम के पुत्र मुकेश कुमार राम ने सूझबूझ दिखाते हुए इसे कुत्तों से सुरक्षित निकाला और तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी। वन कर्मी मौके पर पहुंचे और गिद्ध को छपरा स्थित अपने कार्यालय ले गए, जहां उसका इलाज और स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।

35 वर्षों बाद दिखा यह दुर्लभ पक्षी :

स्थानीय बुजुर्गों और ग्रामीणों के मुताबिक, इलाके में लगभग 35 सालों के बाद इस प्रजाति का कोई गिद्ध दिखाई दिया है। इतना बड़ा पक्षी देखने के लिए गांव में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। वन विभाग के पक्षी विशेषज्ञ अमन कुमार शर्मा ने बताया कि यह एक ‘हिमालयन ग्रिफन’ गिद्ध है, जो आमतौर पर हिमालय के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में पाया जाता है। इसकी उड़ान क्षमता बहुत अधिक होती है, लेकिन मैदानी इलाकों में इसका आना बेहद दुर्लभ माना जाता है। विशेषज्ञ के अनुसार, लंबी उड़ान के कारण थकान या किसी चोट की वजह से यह जमीन पर गिर गया होगा। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद इसे वापस हिमालय क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।