सारण :तिलक में दहेज कम मिलने से नाराज वर पक्ष ने कन्या पक्ष के चाचा-भतीजा को किया  घायल, नहीं चढ़ी तिलक
गड़खा
ठिकहा-मरीचा गांव में दहेज नहीं मिलने से नाराज वर पक्ष के लोगों ने तिलक चढ़ाने आये चाचा-भतीजे को मारपीट कर घायल कर दिया। जख्मी परसा थाने के लतरहियां गांव निवासी पंकज कुमार ने थाने में शिकायत देकर कहा है कि वे अपनी चचेरी बहन प्रियाजी का तिलक लेकर ठिकहा मरीचा गांव निवासी सत्यनारायण राय के यहां आये थे। उनके पुत्र सुनील से उनकी बहन की शादी तय थी। जब वे तिलक लेकर उनके घर पहुंचे तो लड़के के पिता ने दहेज में तीन लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग करने लगे। काफी समझाने-बुझाने के बाद भी जब बात नहीं बनी तो लकड़ी पक्ष वालों ने उपहार में दिए गए सामानों को लौटाने को कहा। इस बात पर वर पक्ष वाले भड़क गए और लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। बचाने आए उनके चाचा वीरेंद्र राय को भी घायल कर दिया गया। इस दौरान पंकज कुमार ने सोने की चेन छीन लिए जाने की भी शिकायत की है। थानाध्यक्ष रमेंश कुमार महतो ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।