कृषि इनपुट का लाभ दिलाने का कृषि मंत्री ने दिया आश्वासन।

छपरा –  कोरोना महामारी तथा लॉकडाउन के साये में किसानों के विभिन्न समस्याओं को लेकर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सेंगर एवं प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष सरोज रंजन पटेल गुरुवार को  कृषि मंत्री डा. प्रेम कुमार से मिले।मुलाकात के दौरान श्री सेंगर ने कृषि मंत्री को सारण जिले में असमय भारी बारिश और ओले गिरने के कारण किसानों को हुए भारी क्षति से अवगत कराया. उन्होंने इस आपदा से प्रभावित जिलों की सूची में सारण का नाम नहीं होने पर मंत्री जी के सामने निराशा व्यक्त किया। उन्होंने मंत्री को बताया कि 4 प्रखण्ड ऐसे हैं। जहाँ 60 प्रतिशत तक फसलों का नुकसान हुआ है. इस पर डा. प्रेम कुमार ने समुचे बिहार का प्रखण्ड वार सूची दिखाते हुए सरकार के कानून के आलोक में यह बताया कि तैंतीस प्रतिशत से कम नुकसान की सूरत में कृषि इनपुट अनुदान की राशि के लिए उस प्रखण्ड या जिले को शामिल नहीं किया जाता है। इसपर श्री सेंगर ने इसे अफसरशाही की घोर लापरवाही बताकर मंत्री जी से पुनः इस मामले में संज्ञान लेकर आवश्यक कार्यवाही करने का अनुरोध किया। जिसे मंत्री जी ने तुरंत स्वीकार कर इसे अतिशीघ्र देखने की बात कही. इस मौके पर मौजूद सरोज रंजन पटेल ने कृषि इनपुट अनुदान की राशि के लिए जिन जिलों के किसान पात्र हैं उनका मामला उठाते हुए बताया कि जिस पोर्टल पर आवेदन करना है उसके धीमी गति से चलने की शिकायतें आ रही है। इसपर मंत्री जी ने बताया कि 20 मई तक आवेदन की अंतिम तिथि है और अभी तक एक लाख अठहत्तर हजार आवेदन आ चुके हैं पर इस शिकायत पर भी ध्यान देकर इसका निदान किया जाएगा। इसके अलावा श्री पटेल ने लॉकडाउन के कारण लीची और चुकंदर के फसल के नुकसान की ओर मंत्री जी का ध्यान आकर्षित किया जिसे उन्होंने इसके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।