
दैनिक खोज खबर/छपरा। विद्या भारती विद्यालय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर, छपरा में कक्षा तृतीय से पंचम तक के भैया-बहनों के अभिभावकों की एक प्रेरणादायी अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंध कारिणी समिति के उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, प्रधानाचार्य विनोद कुमार एवं अभिभावक प्रतिनिधि प्रभात कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।गोष्ठी की अध्यक्षता अभिभावक प्रतिनिधि श्री प्रभात कुमार ने की। कार्यक्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास, संस्कारयुक्त शिक्षा, अनुशासन, शैक्षिक गुणवत्ता तथा विद्यालय-परिवार के समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई। अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षा-पद्धति एवं संस्कारमय वातावरण की सराहना करते हुए विद्यालय के प्रति अपना पूर्ण विश्वास एवं सहयोग बनाए रखने का संकल्प लिया।इस अवसर पर कई अभिभावकों ने अपने विचार रखते हुए विद्यालय की कार्यप्रणाली की प्रशंसा की तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यालय और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने अपने संबोधन में अभिभावक गोष्ठी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय और परिवार के बीच सतत संवाद ही बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण एवं उत्कृष्ट भविष्य की आधारशिला है।कार्यक्रम में कक्षा तृतीय से पंचम तक के 100 से अधिक अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

गोष्ठी में कक्षाचार्य योगेश त्रिपाठी, आशुतोष चौधरी, दीपक कुमार, संगीता कुमारी, राकेश कुमार मिश्र एवं राजेश कुमार यादव उपस्थित रहे।अंत में विद्यालय प्रबंधकारिणी के सचिव सुरेश प्रसाद सिंह ने सभी अभिभावकों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के सामूहिक पाठ के साथ हुआ।




Recent Comments