दैनिक खोज खबर/मांझी(सारण)। मांझी के रामघाट पर रविवार को सरयु नदी में नहाने पहुंचा एक बालक गहरे पानी में डूब गया, हालाँकि परिजनों को बालक के डूबने की कहीं से कोई जानकारी नही मिली। सोमवार की सुबह सरयु नदी में उपलाते बालक के शव को देखकर स्थानीय मोटरबोट चालक सरोज कुमार यादव ने नदी में छलांग लगा दी तथा शव को गहरे पानी से बाहर निकाला। घाट पर मौजूद लोगों ने मृतक की पहचान मांझी नगर पंचायत के कंचनपुर निवासी जितेंद्र साह के दस वर्षीय पुत्र भुअर साह के रूप में की। इससे पहले बालक को ढूंढने रामघाट पर पहुँचे मृतक के पिता ने अपने पुत्र के कपड़े नदी किनारे लावारिस हालत में पड़ा देखा तथा वहां मौजूद लोगों से उसने अपने पुत्र के नदी में डूबने की आशंका जताई। हालाँकि कुछ ही देर के बाद वहाँ निर्माणरत अटल घाट के सामने बालक के उपलाते शव को देखकर लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे चालक ने कड़ी मशक्कत कर शव को गहरे पानी से बाहर निकाला। शव बरामद होने की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। इससे पहले बालक का शव बरामद होने की सूचना पाकर पहुँचे परिजनों के रुदन क्रंदन से वहाँ का माहौल गमगीन हो गया। मौके पर मौजूद माँझी नगर पँचायत की उप मुख्य पार्षद नीतू सिंह तथा समाजसेवी कृष्णा सिंह पहलवान एवम वार्ड पार्षद राजा ठाकुर आदि ने बिलखते परिजनों को समझ बुझाकर उन्हें ढांढस बंधाया।बताते चलें कि बीते सोमवार को रामघाट पर साथियों संग नहाने के दौरान मांझी नगर पंचायत के चैनपुर निवासी भोला यादव के 18 वर्षीय पुत्र शैलेन्द्र कुमार यादव की डूबने से मौत हो गई थी। मालूम हो कि रेलपुल की सुरक्षा के उद्देश्य से रेल प्रशासन द्वारा बनाये जा रहे बोल्डर बांध की वजह से रामघाट तक पहुंचना काफी मुश्किल हो गया है। कई लोगों ने स्थानीय प्रशासन से रामघाट को खतरनाक घाट घोषित करके तथा उसकी पूर्ण घेराबंदी करके स्नान के उद्देश्य से आने वाले श्रद्धालुओं को समीप के बहोरन सिंह के टोला घाट पर स्थानांतरित करने की मांग की है।




Recent Comments