हसनपुरा।एमएचनगर थानाक्षेत्र के बसंत नगर गांव में शौच करने गई महिला की मौत का मामला प्रकाश में आया है। घटना शनिवार देर संध्या की है। जब महिला बसंतनगर नारा की तरफ रोज की तरह शौचादि के लिये गई थी। महिला की पहचान गांव के ही जितेंद्र साह की पत्नी माला देवी (26) के रूप में हुई है। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि मृतका शनिवार देर संध्या अपने बच्चों मुस्कान (8), अभय (6) तथा अभिषेक (4) को अपनी जेठानी के पास छोड़ शौच के लिये गई। घंटे भर बाद भी जब मां नही लौटी तो बच्चे रोने लगे। अडोस-पड़ोस के लोग जब माला को ढूढते नारा में पहुचे तो देखा कि माला पास के छोटे गड्ढे में औंधे मुंह गिरी पड़ी है। गड्ढे से कुछ दूरी पर उसका छाता, जलता टार्च व चप्पल पड़ा था। आनन-फानन में ग्रामीणों द्वारा उसे निजी चिकित्सालय लाया गया। जहा चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना झारखंड के देवघर में वेल्डर का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले मृतका के पति जितेंद्र साह को दी गई। रविवार प्रातः जितेंद्र के गांव पहुचते ही ग्रामीणों व परिजनों द्वारा बसंतनगर दाहा नदी के किनारे शमशान घाट में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं गांव में महिला की मौत पर अफवाहों का बाजार गर्म है।