
छठ गीत से हरियाणवी नृत्य तक की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और प्रशिक्षकों को किया गया सम्मानित
धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 22 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर सारण प्रमंडल स्थित किलकारी बिहार बाल भवन में बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और हुनर का शानदार संगम देखने को मिला। किलकारी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के बच्चों ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लेकर कला, शिल्प, लेखन और विज्ञान परियोजनाओं तक बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कौशल का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छपरा नगर निगम के मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता, किलकारी की प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक मीरा कुमारी, नीलेश त्रिपाठी, सुरेंद्र सिंह, अनुभवी सिन्हा, स्नेहा कुमारी और विश्वविजय झा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद बच्चों ने छठ गीत पर आधारित नृत्य, हरियाणवी लोकनृत्य और शहनाई वादन की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं आर्ट एंड क्राफ्ट, रचनात्मक लेखन और साइंस प्रोजेक्ट के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय मध्य विद्यालय छपरा, बी.एन. पब्लिक स्कूल, गंगा देवी, डिवाइन इंटरनेशनल स्कूल और छपरा सेंट्रल स्कूल के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। वहीं विज्ञान परियोजना प्रतियोगिता में छपरा सेंट्रल स्कूल, सोहम संस्कृत उच्च विद्यालय छपरा, रामचंद्र महाशय प्राइमरी स्कूल और डीएवी मध्य विद्यालय के बच्चों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार से जुड़ी परियोजनाएं प्रस्तुत कीं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इसके अलावा सूर्या कुमार, काजल कुमारी और रुपेश कुमार को ‘स्पार्क ऑफ किलकारी’ सम्मान प्रदान किया गया। एसपी वर्मा अवार्ड से गौरव कुमार को सम्मानित किया गया।
बच्चों की प्रतिभा को निखारने में योगदान देने वाले अखिल राज सिंह, प्रकाश कुमार, प्रमोद कुमार यादव और निखिल कुमार को कुशल प्रशिक्षक अवार्ड दिया गया। वहीं अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता और जागरूकता के लिए लीला देवी को जागरूक अभिभावक सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में किलकारी के स्नेहा कुमारी, प्रमोद कुमार, अनुभवी सिन्हा, विश्वविजय झा, अखिल राज सिंह, प्रकाश कुमार, दीपाली कुमारी, रूबी कुमारी, सोनी, मनोज, सुशील और जूही कुमारी सहित समस्त कर्मियों एवं बच्चों का सराहनीय योगदान रहा। मंच संचालन टुनु कुमार सिंह ने किया।





Recent Comments