छपरा। विश्व हिंदू परिषद धर्म प्रसार एवं श्री राम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 24 नवंबर, मंगलवार को छपरा शहर के सैकड़ों मंदिरों में भव्य देव दीपावली उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर शाम 5:00 बजे दहियावां स्थित महर्षि दधीचि आश्रम उमानाथ मंदिर परिसर में पांच हजार दीप प्रज्वलित करने का संकल्प लिया गया है।

विहिप के जिला धर्म प्रचार प्रमुख अरुण पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और शहर के सभी प्रमुख मंदिरों में दीया, तेल और बाती पहुंचाने का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने समस्त सनातन धर्मावलंबियों से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अपने घर के समीप स्थित मंदिरों में जाकर कम से कम पांच-पांच दीप अवश्य जलाएं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार देव दीपावली के दिन दीपदान करने से परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।

अरुण पुरोहित ने बताया कि वर्ष 2014 से छपरा शहर में निरंतर देव दीपावली का आयोजन किया जा रहा है, जिसका विस्तार अब ग्रामीण क्षेत्रों तक भी हो रहा है। इसी क्रम में बजरंग दल के पूर्व संयोजक अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में खलपुरा ग्राम स्थित यज्ञशाला परिसर को 1100 दीपों से जगमग किया जाएगा। इसके अतिरिक्त गुदरी राय चौक स्थित सत्यनारायण मंदिर में चातुर्मास सत्य व्रत संकल्प यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात मंदिर परिसर में हजारों दीप प्रज्वलित कर उत्सव मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर शहर के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।