छपरा में प्रमंडल स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित, सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों के बीच नवचार का मंच है टीबीटी:

धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 22 नवंबर।
शहर के शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के सभागार में रविवार को टीबीटी मंच का प्रमंडल स्तरीय शिक्षक समारोह आयोजित हुआ।समाराह के मुख्य अतिथि और सूबे के नामचीन गणितज्ञ डा. केसी सिन्हा ने कहा कि आधुनिक ढंग से शिक्षा का प्रसार करने वाला शिक्षकों का बडा़ मंच है। गंगा सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य डा. प्रमेन्द्र रंजन सिंह ने कहा कि अॉन लाइन शैक्षिक नवचार का यह मंच शिक्षा जगत की एक क्रांति है। इस मंच से जुडे़ शिक्षक सही अर्थों में सम्मान के पात्र हैं। समारोह को सीटीई के व्याख्याता डा. धर्मेन्द्र कुमार, साहित्यकार शिवानुग्रह नारायण सिंह व अन्य ने सम्बोधित किया।

इसके पूर्व कार्यक्रम के संयोजक राजन कुमार ने बताया कि कोरोना काल में जब सभी विद्यालय बंद थे तो छात्र-छात्राओं को अॉनलाइन क्लास उपलब्ध कराने के लिए मेरे साथ डा. कुमार गौरव, डा. मदन मोहन कुमार और बलवंत कुमार ने इस मंच को शुरू किया था। तब से यह मंच अबतक टीबीटी फेसबुक के माध्यम से शैक्षिक गतिविधियों में काम करता आ रहा है और इस मंच से सूबे के लाखों शिक्षक जुडे़ हुए हैं। समारोह में शिक्षक- शिक्षिकाओं ने गीत-संगीत और नाटक की बेहतरीन प्रस्तुति दी और सारण प्रमंडल के लगभग डेढ़ सौ शिक्षकों को सम्मानित किया गया। मौके पर शिक्षक बलवंत कुमार, फौजिया नाहिद, कन्हैया कुमार, मनोरंजन कुमार सिंह, मनोज कुमार आदि उपस्थित थे।