
सोनपुर पुराने गंडक पुल पर चारपहिया और दोपहिया वाहनों का परिचालन दिनांक 23 -25 तक रहेगा बंद, श्रद्धालुओं के लिए अलग पैदल मार्ग निर्धारित
सोनपुर। विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन एवं कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान को लेकर सारण जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। 22 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन तथा लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सारण और वैशाली जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।
जिला प्रशासन की ओर से शनिवार के जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 22 नवंबर को अपराह्न 3 बजे से रात्रि 8 बजे तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। इस दौरान छपरा से सोनपुर आने वाले वाहनों को निर्धारित मार्ग से डायवर्ट कर महात्मा गांधी सेतु के रास्ते भेजा जाएगा।
वहीं, 23 नवंबर के पूर्वाह्न से 25 नवंबर के पूर्वाह्न तक कार्तिक पूर्णिमा स्नान के मद्देनजर शहर में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में केवल मेला कार्य में लगे सरकारी वाहन और रोगी वाहन ही चल सकेंगे।
छपरा से हाजीपुर जाने वाले बड़े वाहन मकेर, रेवा घाट, अंबारा, लालगंज और भगवानपुर होते हुए पटना जाएंगे। पटना से आने वाले बड़े वाहन रामाशीष चौक से भगवानपुर, लालगंज, अंबारा और रेवा घाट के रास्ते छपरा पहुंचेंगे। इन बड़े वाहनों का हाजीपुर शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
नए गंडक पुल (एनएच-19) पर छोटे वाहनों का आवागमन जारी रहेगा।
पुराने गंडक पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों का परिचालन पहले से ही बंद है। 23 नवंबर को हाजीपुर की ओर से हरिहरनाथ मंदिर और सोनपुर गंगा स्नान घाट जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पुल के दोनों पैदल यात्री लेन खुले रहेंगे। यह व्यवस्था 26 नवंबर शाम 5 बजे तक रहेगी। इस दौरान चारपहिया और दोपहिया वाहनों का परिचालन बंद रहेगा।
26 नवंबर दोपहर 12 बजे से पुल का मुख्य सड़क मार्ग सोनपुर से हाजीपुर जाने वाले यात्रियों के लिए खोला जाएगा, जबकि दोनों पैदल लेन हाजीपुर से सोनपुर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। सोनपुर से हाजीपुर की ओर जाने वाली पैदल यात्रियों के लिए पुरानी गंडक पुल मार्ग बंद रहेगा. नए गंडक पुल पर छोटे वाहनों का आवागमन रहेगा। यह व्यवस्था 28 नवंबर तक प्रभावी रहेगी।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।






Recent Comments