दैनिक खोज खबर/इसुआपुर(सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के अगौथर सुंदर गांव में एक नव विवाहिता की हत्या ससुराल वालों ने कर दी। घटना शुक्रवार की रात की बताई जा रही है। घटना से संबंधित आवेदन मायके वालों ने इसुआपुर थाने में दी है। जिसमें कहा गया है कि उनकी पुत्री पुष्पा कुमारी की शादी पिछले 25 अप्रैल को अगौथर सुंदर गांव निवासी विद्या राय के पुत्र विकास कुमार के साथ हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति, ससुर तथा सास कमला देवी द्वारा पुष्पा को प्रताड़ित किया जाता था तथा मारपीट की जाती थी। एक सुनियोजित साजिश के तहत उनकी पुत्री की हत्या किए जाने की बात भी बताई गई है। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पहुंची। वहां पुलिस को शव पंखे से लटका हुआ मिला। हालांकि मामले को लेकर पुलिस हत्या एवं आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ मथुरा तो सुधांशु कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना से एफ एस एल टीम की टीम बुलाकर जांच कराई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।