
• ताजपुर पुल की सुरक्षा जांच के बाद ही चारपहिया वाहनों को मिलेगी अनुमति: डीएम
दैनिक खोज खबर/मांझी (सारण)। सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने शनिवार को मांझी-दरौली-गुठनी पथ पर ताजपुर के समीप दाहा नदी पर बने सड़क पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा और आम लोगों की सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया। छह वर्षों से जर्जर इस पुल से फिलहाल सुरक्षा कारणों से केवल दोपहिया वाहनों और पैदल यात्रियों को ही आने-जाने की अनुमति है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने डीएम से मांग की कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े हल्के चारपहिया वाहनों, जैसे एम्बुलेंस और डायल 112 की गाड़ियों को पुल से गुजरने की अनुमति दी जाए, ताकि दर्जनों गांवों के लोग स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहें। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के परियोजना अभियंता को पुल का विस्तृत ‘लोड बेयरिंग सेफ्टी ऑडिट’ कराने का कड़ा निर्देश दिया। मौके पर मौजूद परियोजना अभियंता ने बताया कि पुल निर्माण निगम और एनआईटी (NIT) पटना के विशेषज्ञों द्वारा संयुक्त रूप से पुल का तकनीकी सुरक्षा परीक्षण और लोड वहन क्षमता का आकलन एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। डीएम वैभव श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि पुल की संरचनात्मक सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेषज्ञों की तकनीकी रिपोर्ट और सेफ्टी ऑडिट के निष्कर्षों के आधार पर ही यह तय किया जाएगा कि हल्के चारपहिया वाहनों का परिचालन शुरू किया जा सकता है या नहीं। उन्होंने अभियंताओं को समयबद्ध तरीके से रिपोर्ट सौंपने को कहा है।दूसरी ओर, ग्रामीणों में प्रशासन के रुख को लेकर आक्रोश भी दिखा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग बंद होने से उन्हें एकमा, रसुलपुर और चैनपुर के रास्ते लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आपातकालीन वाहनों के लिए आवागमन बहाल करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे छपरा समाहरणालय का घेराव करेंगे।इस मौके पर सारण के एसएसपी बिनीत कुमार, सदर एसडीओ नीतेश कुमार, सीओ सौरभ अभिषेक, प्रखंड उप प्रमुख मनोज सिंह, पूर्व उप प्रमुख राम कृष्ण सिंह, जेपी सेनानी रामजी तिवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकारी उपस्थित थे।




Recent Comments