शादी की नियत से युवती का अपहरण

मांझी. स्थानीय थाना क्षेत्र के गौरी गांव से शादी की नियत से एक युवती का अपहरण कर लेने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गौरी निवासी युवती के भाई के द्वारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमे उन्होंने आरोप लगाया है कि विगत 10 अप्रैल को चकिया निवासी संजय साह उर्फ फेकन साह अपने पुत्र दीन दयाल साह और पत्नी व पुत्री के साथ पहुंचे और मेरी बहन को शादी की नियत से बहला-फुसला कर अपने साथ लेकर भाग निकले। पता चलने पर जब उनके दरवाजे पर पहुंच कर मैंने पूछ-ताछ की तो संजय साह की पत्नी व पुत्री ने गाली-गलौज करते हुए बोली कि अपनी बहन को भूल जाओ। बाद में पता चला कि मेरी बहन को लेकर वे चेन्नई चले गए हैं। उसके बाद मेरे बड़े भाई 20 अप्रैल को जब वहाँ पहुंचे और बहन को साथ ले जाने की बात कही तो भगा दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। जिसकी जानकारी उन्होंने मोबाइल फोन पर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस गम्भीरता से जाँच-पड़ताल में जुट गई है।