धर्मेंद्र रस्तोगी/छपरा। राजेंद्र स्टेडियम, छपरा में सोमवार को स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन छपरा की विधायक श्रीमती छोटी कुमारी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोजक श्रीमती रीता सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मेले में खादी, हैंडलूम, हस्तशिल्प एवं घरेलू उत्पादों की विभिन्न दुकानें लगाई गई हैं। मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए स्वदेशी उत्पाद लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। उद्घाटन के अवसर पर विधायक छोटी कुमारी ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर देते हुए लोगों से स्थानीय एवं देश में निर्मित वस्तुओं को अपनाने की अपील की।

आयोजक रीता सिंह ने बताया कि मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ कारीगरों एवं छोटे उद्यमियों को प्रोत्साहित करना है। मेले में खादी एवं आकर्षक हैंडलूम वस्त्रों के साथ विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्प और घरेलू उपयोग की सामग्री उपलब्ध है।

उद्घाटन के बाद विधायक ने मेले में लगी विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया और स्वदेशी उत्पादों की जानकारी ली। मेले को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा गया। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

इस मौके पर जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष रणजीत सिंह, जिला बीस सूत्री सदस्य विवेक सिंह,जिला बीस सूत्री सदस्य धर्मेद्र कुमार साह, श्री राकेश सिंह, श्री बलवंत सिंह, श्री बाबन सिंह, चांदनी प्रकाश, युवा नेता राकेश कुमार साह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।