पानापुर (सारण) ।एक माह पूर्व पानापुर तरैया नहर मार्ग पर हथियार के बल पर एक युवक से बाइक, मोबाइल एवं नकदी की हुई लूट मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया. पुलिस ने लुटे गये मोबाइल एवं लूट के दौरान प्रयुक्त बाइक के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अभियुक्त गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी कतालपुर निवासी बिट्टू कुमार एवं अजीत कुमार बताये जाते हैं. मालूम हो कि गत 10 सितंबर की दोपहर करीब तीन बजे अपने भाई के ससुराल अमनौर जा रहे सिवान जिले के लकड़ी नबीगंज थाना के जगतपुर बंगरा गांव के युवक राधेश्याम कुमार को हथियार दिखाकर बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने युवक की बाइक, मोबाइल एवं दस हजार रूपये लूट लिए थे.इस मामले में पीड़ित युवक ने पानापुर थाने में कांड संख्या 392/26 के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी थी. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय साक्ष्य के आधार पर जांच करते हुए इस मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त दोनों को लूटी गयी मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष संजीत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों को जेल भेज दिया गया.